विडम्बना: अनुबंधित कर्मचारियों के पी.एफ. पर ठेकेदारों की ‘कुंडली’

8/29/2018 4:34:22 PM

सोनीपत(विकास): जिले में कई निजी कम्पनियों के साथ-साथ सरकारी विभागों से जुड़े ठेकेदार भी कर्मचारियों के पी.एफ. पर कुंडली मारकर बैठे हैं। पी.एफ. जमा करवाने में ठेकेदार भारी कोताही बरत रहे हैं, जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण जारी किए गए वर्क आर्डरों में से करीब 10 प्रतिशत वर्क आर्डर ही पी.एफ. कोड से जुड़े मिले हैं। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन मामले की जांच में जुट गया है। दरअसल, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने सरकारी विभागों से जुड़े अनुबंधित कांट्रैक्टरों की जांच करने का फैसला किया था। जिसके अंतर्गत विभाग द्वारा विभिन्न सरकारी विभागों को लैटर जारी करके कांट्रैक्टरों व उनके द्वारा किए गए कार्यों की लिस्ट मांगी थी। जिसके बाद अलग-अलग विभाग द्वारा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन को कांट्रैक्टरों और वर्क आर्डर की जानकारी दी जा रही है।

193 वर्क आर्डर में से 20 के साथ जुड़ा मिला कोड 
अभियान के अंतर्गत कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण विभाग से भी कांट्रैक्टरों की लिस्ट मांगी थी। जिसके बाद विभाग ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन को 193 वर्क आर्डर की जानकारी दे दी थी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की प्रारम्भिक जांच में लगभग 20 वर्क आर्डर के साथ ही पी.एफ. कोड जुड़ा मिला है ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि ठेकेदारों ने कर्मचारियों के पी.एफ. जमा कराने में भारी कोताही बरती है। हालांकि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की पूरी जांच के बाद ही सामने आ पाएगा कि किन ठेकेदारों ने कितने कर्मचारियों का पी.एफ. जमा नहीं करवाया है। दरअसल, वर्क आर्डर की लिस्ट में एक ही कम्पनी ने कई बार काम किया है। 

हुडा जनस्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन करेगी प्रदर्शन
कर्मचारियों को पी.एफ. व ई.एस.आई. की सुविधा न मिलने से खफा हुडा जनस्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के खिलाफ धरना-प्रदर्शन शुरूकरने का मन बना लिया है। यूनियन के राज्य प्रधान आर.के. नांगर ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों का पी.एफ. समय पर जमा नहीं कराया गया है। ठेकेदारों द्वारा जो पी.एफ. खाता नम्बर कर्मचारी को दिया जाता है, वह सही नहीं मिलता है। 

इस संबंध में कई बार विभाग से शिकायत की जा चुकी है लेकिन कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। ऐसे में आगामी 5 सितम्बर से हुडा जनस्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन विभाग कार्यालय में धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगी।  

राजकुमार, एक्स.ई.एन., हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, सोनीपत
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने विभाग से कांटै्रक्टरों की लिस्ट मांगी थी। विभाग ने वर्क आर्डर की लिस्ट कर्मचारी भविष्य निधि संगठन को भेज दी है। विभाग द्वारा नियमित तौर पर कर्मचारियों का पी.एफ. जमा करवाया जा रहा है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की जांच में किसी ठेकेदार की कोताही साबित होती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

सुनील, सहायक आयुक्त, कर्मचारी भविष्य निधि, सोनीपत
कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकारी विभागों के कांट्रैक्टरों की लिस्ट मांगी गई थी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा दी गई वर्क आर्डर लिस्ट की जांच में पाया गया है कि करीब 10 प्रतिशत एंट्री ही पी.एफ. कोड से जुड़ी मिली है। बाकी एंट्री से जुड़े हुए ठेकेदारों को नोटिस जारी किया जाएगा। अगर उनका पी.एफ. अकाऊंट नहीं है तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए विभाग द्वारा कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। 
    

Deepak Paul