गीता जयंती महोत्सव: महाभारत पर डाक टिकट जारी

11/27/2017 5:27:12 PM

कुरुक्षेत्र(रणदीप रोड): धर्मनगरी में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव पर के केंद्रीय दूरसंचार मंत्री मनोज सिंहा ने महाभारत पर डाक टिकट जारी की। वहीं संतों के आग्रह पर अगले साल गीता जयंती महोत्सव के मौके पर श्रीमद्भागवत गीता पर भी एक डाक टिकट जारी करने की भी केंद्रीय मंत्री ने हामी भरी। 

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव मेला ग्राउंड सदाचार स्थल के समीप विराट संत सम्मेलन का आयोजन किया गया था। जिसमें पहली बार केंद्रीय रेल राज्य मंत्री मनोज सिंहा सहित संत समाज ने शिरकत की। रेल राज्यमंत्री कुरुक्षेत्र में शताब्दी ट्रेन द्वारा पहुंचे। सम्मेलन के दौरान संतों ने गीता पर विचार रखे। कहा कि गीता केवल शपथ दिलाने के लिए नहीं है इसके संदेशों को आमजन तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए लोगों को गीता पढ़ने के लिए प्रेरित करना होगा। संतों ने कहा कि आज डिजिटल युग में युवा अपने रास्ते से भटक गया है। ऐसे में गीता को राष्ट्र ग्रंथ राष्ट्र धर्म के रूप में घोषित किया जाए ताकि सही मायनों में इसका प्रचार प्रसार हो सके। साध्वी ऋतंभरा ने कहा कि यदि बच्चों को शुरु से गीता पढ़ाई जा रही होती तो आज देश में महिलाओं के साथ घटनाएं नहीं घटतीं। संतों ने कहा कि गीता जयंती पर दूसरे संप्रदाय के लोगों को भी आमंत्रित किया जाना चाहिए, ताकि वे यहां आएं और अपने साथ गीता का संदेश लेकर जाएं। इससे देश में पनप रहीं दूसरी समस्याएं भी समाप्त हो जाएंगी।


कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने गीता महोत्सव में कहा कि ये भारत की संस्कृति की पहचान है। हरियाणा सरकार की कोशिशों से भारत सरकार ने इसकी मंजूरी दी है। ये कहीं न कहीं भारत को पुन: विश्वगुरु बनाने की अौर प्रतीक कर रहा है। 

संत सम्मेलन में केंद्रीय दूरसंचार मंत्री मनोज सिन्हा, हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, राज्यमंत्री कर्णण देव कंबोज, कविता जैन, कृष्ण बेदी सहित महामंडलेश्वर अवधेशानंद सुधांशु महाराज, साध्वी ऋतंभरा ज्ञानानंद और अन्य संतों ने शिरकत की।