क्षेत्रीय और जातीय समीकरण भी देखना जरूरी, हर किसी को मंत्री बनाया जाना नामुमकिन : गुर्जर

11/15/2019 12:56:35 PM

चंडीगढ़(धरणी): प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनने के बाद दोनों पाॢटयों के शीर्ष नेताओं ने चर्चा कर आज मंत्रिमंडल का विस्तार कर ही दिया। इसके तहत 6 कैबिनेट व 4 राज्य मंत्रियों को शपथ दिलाई गई है। इस दौरान पार्टी के शीर्ष नेता भी शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे। समारोह में पहुंचे केंद्रीय मंत्री कृष्ण लाल गुर्जर ने खास बातचीत दौरान कहा कि गठबंधन की सरकार पूरे 5 साल चलेगी। प्रस्तुत है खास बातचीत के प्रमुख अंश-

सवाल : मंत्रिमंडल का क्या जातिगत व क्षेत्रीय समीकरणों के आधार पर विस्तार हुआ है?
जवाब : मंत्रिमंडल का विस्तार बहुत ही बेहतरीन हुआ है जिसमें जातीय और क्षेत्रीय दोनों का संतुलन है।  जो इसके पात्र थे उन्हें जिम्मेदारी मिली  है। मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल का अच्छा  विस्तार किया है।

सवाल : भाजपा-जजपा गठबंधन को किस नजरिए से देखते हैं?
जवाब : देखिए प्रदेश में भाजपा के साथ जब भी किसी भी पार्टी का गठबंधन हुआ है चाहे वह बंसीलाल का हो, देवीलाल का या फिर अब जजपा का पूरे 5 साल सरकार चली है और मजबूती के साथ चली है। यह गठबंधन मजबूत है और पूरे 5 साल ईमानदारी से सरकार काम करेगी व लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगी।

सवाल : मंत्रिमंडल में बनिया व वैश्य समाज को नहीं लिया गया, क्या कारण रहे? 
जवाब : भाजपा 36 बिरादरी की पार्टी है इसमें सबका साथ-सबका विकास की नीति पर काम किया जाता है, वैश्य समाज के विधायक को स्पीकर बनाया गया है, किसी की अनदेखी भाजपा सरकार में नहीं होती। मंत्रिमंडल की अपनी सीमाएं हैं, संख्या सीमित होने से सबको तो इसमें शामिल नहीं किया जा सकता लेकिन पार्टी में भागीदारी सभी की है सभी समाज के सदस्यों को पूरा मान-सम्मान मिलेगा। 

सवाल : मंत्रिमंडल में पानीपत, सोनीपत सहित कई जिलों की अनदेखी हुई है, उसे किस नजरिए से देखते हैं?
जवाब : देखिए प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनी है, जिला वाइज सबको नहीं जोड़ा जा सकता। 13 मंत्री बनने हैं 22 जिले हैं और फिर जो पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं उनको भी मान-सम्मान देना जरूरी है, क्षेत्रीय व जातीय समीकरण भी देखने जरूरी होते हैं तो हर किसी को मंत्री बनाया जाना नामुमकिन है।

सवाल : आपके पुराने मित्र अनिल विज को शपथ दिलाई गई है जो तीसरे नंबर की शपथ मानी जा सकती है, इस बारे में क्या कहेंगे?
जवाब : अनिल विज पार्टी के बहुत ही पुराने व कर्मठ नेता हैं और उन्होंने लगातार 6 बार जीत हासिल की है व उनके कद से किसी की तुलना भी नहीं की जा सकती और यह ठीक भी नहीं है। भारतीय जनता पार्टी में विज अपना एक रसूख रखते हैं और उसी की बदौलत वह यहां तक पहुंचे हैं इसलिए आज उन्हें तीसरे नंबर की शपथ दिलवाई गई। 

सवाल : गठबंधन की सरकार का मुख्य उद्देश्य क्या रहेगा?
जवाब : गठबंधन सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की जनता का विकास करवाना है। सबका साथ-सबका विकास की भूमिका पर पारदॢशता के साथ प्रदेश की जनता का विकास करवाएगी गठबंधन सरकार।     

Isha