आई.टी.आई. छात्रों के 2 गुटों में खूनी संघर्ष, 2 को लगे चाकू

4/17/2021 1:31:07 PM

घरौंडा : रोडवेज बस में आई.टी.आई. छात्रों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। वीरवार की शाम आई.टी.आई. करनाल से दर्जनों छात्र घरौंडा के लिए बस में सवार हुए। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बस में किसी छात्र को दूसरे छात्र की कोहनी लग गई। जिससे बस में सवार आई.टी.आई. छात्रों के 2 गुट आमने-सामने हो गए। जैसे ही बस घरौंडा रुकी तो बस में सवार दोनों गुट हर्बल पार्क में पहुंच गए और झगड़ा शुरू हो गया। इसी बीच पनौड़ी निवासी अंकुश व उसके साथियों ने घरौंडा वार्ड-4 निवासी कपिल पुत्र सोमवीर सिंह व जमालपुर निवासी गौरव पुत्र धर्मबीर सिंह पर चाकुओं से हमला बोल दिया। दोनों को पेट में चाकू लगे। जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। 

घायल छात्रों के साथियों ने दोनों को सी.एच.सी. में भर्ती करवाया। जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद करनाल रेफर कर दिया। कपिल की हालत गंभीर देखते हुए उसे करनाल से पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया। जबकि गौरव का इलाज करनाल अस्पताल में चल रहा है। थाना प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी अंकुश व उसके 10-15 साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana