भाजपा राक्षस सोच की पार्टी है: जयहिंद, कहा- कांग्रेस कुआं और भाजपा है खाई

9/29/2019 6:42:35 PM

बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़): आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिन्द ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। जयहिंद ने विपक्ष पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा को खाई और कांग्रेस को कुआं की संज्ञा दी, इसके साथ ही उन्होंने भाजपा को राक्षस सोच रखने वाली पार्टी बताया। जयहिंद राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता के साथ रविवार को दुल्हेड़ा गांव में बेरी हल्के की टिकट देने के लिए पहुंचे थे। आम आदमी पार्टी ने बेरी हल्के से अश्वनी दुल्हेड़ा को उम्मीदवार बनाया है।

जयहिन्द ने कहा कि राक्षस सोच की पार्टी को लोग उखाड़ कर फेंक देंगे। उन्होनें कहा कि कांग्रेस कुंआ, भाजपा खाई और आम आदमी पार्टी स्वीमिंग पूल है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कुछ नहीं किया केवल नाश किया है। उन्होंने कहा कि वे केजरीवाल के काम और खट्टर के कांड लेकर जनता के बीच जायेंगे। 

जयहिंद ने आरोप लगाया कि भाजपा टिकटों की बिक्री कर रही है। उन्होंने कहा कि 75 पार का नारा देने वाली भाजपा को जनता यमुना पार और मुख्यमंत्री को हरिद्वार भेज देगी। 

जयहिन्द ने कहा कि भाजपा ने 75 पार प्याज और पैट्रोल को पहुंचा दिया है। जयहिन्द ने भाजपा के साथ कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। जयहिन्द ने कहा कि कांग्रेस के 10 सालों के कुकर्मों के कारण ही भाजपा सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वाले डरे हुए हैं क्योंकि उन्होनें जमकर माल दबाया हुआ है।

Shivam