जेल मंत्री ने सैंट्रल जेल का किया निरीक्षण, संतोषजनक कार्य पाए जाने की दी सराहना

12/21/2019 11:43:45 AM

हिसार (ब्यूरो) : हरियाणा के जेल मंत्री रणजीत सिंह और डी.जी. (जेल) के. सेल्वराज ने शुक्रवार को सुबह गंगवा रोड स्थित सैंट्रल जेल का निरीक्षण किया। जेल मंत्री रणजीत सिंह ने लगभग सवा घंटे तक जेल का निरीक्षण किया और डी.जी. के. सेल्वराज लगभग 4 घंटे जेल में रुके। जेल मंत्री ने इस दौरान बंदियों से मुलाकात कर उनकी और जेल कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। जेल मंत्री ने कहा कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करवाया जाएगा। इस दौरान पूरे जेल परिसर में सघन चैकिंग अभियान चलाकर कोने-कोने की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वहां कोई गैर-कानूनी वस्तु नहीं मिली। जेल मंत्री और डी.जी. ने जेल में संतोषजनक कार्य पाए जाने की सराहना की। 

रामपाल के आसपास के स्थान की करवाई जांच 
सैंट्रल जेल-2 में बंद देशद्रोह के मुकद्दमे के आरोपी रामपाल के आस-पास के स्थान की जांच करवाई मगर वहां कोई अवैध वस्तु नहीं मिली। साथ ही जेल मंत्री रामपाल की बैरक में भी गए और वहां की भी तलाशी करवाई। साथ ही रामपाल से भी यह पूछा गया कि कोई दिक्कत तो नहीं। जेल टू के सुरक्षा कर्मी जेल मंत्री और डी.जी.(जेल) के आगमन को लेकर अलर्ट दिखे।

Isha