पुन्हाना की जनक्रांति यात्रा भीड़ के ऐतबार से रचेगी इतिहास: सांसद दीपेन्द्र

6/23/2018 10:00:29 AM

पलवल/नूंह(गुरूदत्ता/बघेल): आज हथीन में कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनक्रांति यात्रा का तीसरा चरण 30 जून को पुन्हाना (मेवात) में जनसभा के साथ शुरू होगा। जो 2 जुलाई तक चलेगा जोकि ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चौ भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की जनक्रांति यात्रा ऐतिहासिक होगी और प्रदेश में सत्ता और व्यवस्था परिवर्तन का काम करेगी। 

दीपेन्द्र ने कहा कि पहले होडल और उसके बाद समालखा में जनक्रांति यात्रा में लाखों लोगों ने शिरकत की जिससे यह बात साफ़ होती है कि प्रदेश के लोग भाजपा सरकार से पूरी तरह त्रस्त हैं। चौ भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का दस साल का स्वर्णिम कार्यकाल याद कर उनके नेतृत्व में आस्था रख रहे हैं। हरियाणा में अमन चैन भाईचारे, विकास, और किसान-गरीब के लिए संघर्ष का समय आ गया है। इस जनविरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ कर दोबारा प्रदेश को भाईचारे की नींव पर विकास की पटरी पर लाना हमारी पहली प्राथमिकता है।

सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। चाहे बिजली पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की बात हो, अपराध पर लगाम लगाने की बात हो या फिर विकास और जनहित के कामों की बात हो। उन्होंने कहा कि चौ भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का दस वर्ष का कार्यकाल प्रदेश के लिये स्वर्णिम रहा है जब हरियाणा प्रतिव्यक्ति आय, प्रतिव्यक्ति निवेश, औद्योगीकरण, खेल और खिलाड़ी को प्रोत्साहन देने, कृषि उत्पादकता और विकास के मामले में देश में नम्बर वन प्रदेश बन कर उभरा था।

मगर अब पिछले चार साल में भाजपा सरकार के आने के बाद हरियाणा विकास के मामले में पीछे चला गया है। कानून व्यवस्था तार तार हो चुकी है और अपराधियों का बोलबाला है। केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार महिलाओं के खिलाफ अपराध और गैंग रेप के मामले में हरियाणा देश में सबसे आगे हो गया है। व्यापारियों के यहाँ दिन दहाड़े डकैती पड़ रही हैं और समाज के हर वर्ग में दहशत का माहौल है। चार साल में चार बार प्रदेश हिंसा की आग में जल चूका है।

दीपेन्द्र ने कहा कि भाजपा से आज हर वर्ग परेशान हो चुका है। पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा जी के नेतृत्व में चल रही जनक्रांति यात्रा से सभी पार्टियों की नींद उड़ गई है। भाजपा और तथाकथित विपक्षी मगर असलियत में भाजपा के सहयोगी दल इन्हें सपनों में भी चौ भूपेंद्र हुड्डा दिखाई देताहै, ये हमारी ताकत नहीं है आप सब की यानि हरियाणा की ढाई करोड़ लोगों लोगों की ताकत है। 

दरअसल, दोनों दलों को सपने में भी हुड्‌डा की लोकप्रियता का डर लगने लगा है। इन दोनों ही दलों को केवल और केवल पूर्व सीएम भूपेंद्र सिहं हुड्‌डा की लोकप्रियता से डर लगता है। उन्होंने कहा कि जनता अब सारी सच्चाई को जान चुकी है और होडल व समालखा की जनक्रांति रैली में उमड़ा जनसैलाब इसका जीता जागता प्रमाण है।इस मौके पर विधायक करण सिंह दलाल, विधायक उदय भान, विधायक ललित नागर और चौधरी इज़राइल खान समेत अन्य प्रमुख नेतागण मौजूद रहे। 

 

Rakhi Yadav