जननायक जनता पार्टी की महिला विंग में 11 जिला प्रधान नियुक्त

1/5/2019 10:57:09 PM

चंडीगढ़ (धरणी): जननायक जनता पार्टी ने प्रदेश महिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। प्रथम सूची में जेजेपी की कोर कमेटी ने प्रदेश में 11 जिलों की महिला अध्यक्षों के नाम शामिल किए हैं। जेजेपी संस्थापक डा. अजय सिंह चौटाला व महिला प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण से विचार विमर्श के बाद पार्टी की कोर कमेटी ने महिला प्रधानों की नियुक्ति की है। जेजेपी की महेंद्रगढ़ की जिला प्रधान की जिम्मेवारी सुलोचना ढिल्लों को दी गई है। सुलोचना ढिल्लों लंबे समय से इनेलो से जुड़ी हुई थी और वह इनेलो की महेंद्रगढ़ की जिला प्रधान रही हैं।

गुरुग्राम की जिला प्रधान सुनीता कटारिया को बनाया गया है। वे गुरुग्राम जिले की इनेलो महिला संगठन की जिला प्रधान पद पर रह चुकी हैं और अब जेजेपी की कोर कमेटी ने उन्हें पार्टी महिला संगठन में जगह दी है। बबीता पूनिया को झज्जर जिले की महिला प्रधान नियुक्त किया है। बबीता इससे पहले झज्जर जिले की इंडियन नेशनल लोकदल की जिले की प्रधान रह चुकी हैं। सर्वजीत कौर को अंबाला जिले की महिला प्रधान की जिम्मेवारी सौंपी गई है। सरोज नूंह को मेवात जिले की महिला प्रधान बनाया गया है।

हिसार जिले की महिला प्रधान कृष्णा भाटी को बनाया गया है। कृष्णा भाटी आदमपुर हलके से संबंध रखती हैं और कई वर्षों तक इनेलो की आदमपुर हलके की महिला विंग की प्रधान पद की जिम्मेवारी निभा चुकी हैं। सुनीता चहल को पार्टी की कोर कमेटी ने जींद जिले की महिला प्रकोष्ठ की प्रधान बनाया है। पानीपत की महिला जिला प्रधान गीता पलड़ी को नियुक्त किया गया है। वे इसराना हलके की महिला विंग की हलका प्रधान रही।

यमुनानगर जिले की महिला विंग की प्रधान विजय बब्बर को बनाया गया है। वे इससे पहले जिले में इनेलो की महिला विंग की प्रधान रही हैं। सुलोचना पोटलिया को भिवानी जिले की महिला प्रधान बनाया गया है। सुलोचना पोटलिया भिवानी जिला परिषद की सदस्य हैं और लम्बे समय तक इनेलो से जुड़ी रही। दादरी जिले की महिला प्रधान की जिम्मेदारी लक्ष्मी बलौदा को दी गई है। पार्टी की कोर कमेटी की जल्द ही अगली बैठक बुला कर अन्य महिला जिला अध्यक्षों की नियुक्ति भी कर देगी। 

Shivam