नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की... शुरू हुआ नंद के लाला का पंचामृत स्नान
punjabkesari.in Saturday, Aug 16, 2025 - 04:48 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): श्रीकृष्ण जन्माेत्सव मनाने के लिए कई दिनों से चली आ रही तैयारियां पूरी हो गई। आज जन्माष्टमी का उत्सव पूरे धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। शाम चार बजे से ही मंदिरों में श्रीकृष्ण का पंचामृत स्नान शुरू कर दिया गया है। यह उत्सव देर रात 12 बजे तक चलेगा। शहर के सभी मंदिरों को जन्माष्टमी का उत्सव मनाने के लिए सजाया गया है। सबसे ज्यादा उत्साह बादशाहपुर के इस्कॉन मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं में देखने को मिल रहा है। यहां पूरे पारंपरिक तौर पर जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। यहां मथुरा-वृंदावन की तर्ज पर ही पूरी तैयारियां की गई हैं। मंदिर को पूरी तरह से फूलों से सजाया गया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
जन्माष्टमी को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह इस बार युवाओं में भी दिखाई दे रहा है। मंदिरों में युवा भी शाम से ही श्रीकृष्ण के दर्शनो के लिए लाइन में लगे दिखाई दिए। जिसने भी एक बार मंदिर में दर्शन किए वह बस दीदार करता ही रह गया। यहां आने वाले श्रद्धालुाओं को प्रसाद भी वितरित किया गया।
लोगों की मानें तो उन्होंने शाम से ही मंदिरों में दर्शनों के लिए जाना शुरू कर दिया है। मंदिरों की सजावट देखकर वह मंत्रमुग्ध हो रहे हैं। हर मंदिर में अलग-अलग तरह से जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने अपने घर के मंदिरों को भी सजाया है। रात को 12 बजते ही अपनी आस्था के अनुसार लड्डू गोपाल को भोग लगाया जाएगा।
लोगों की मानें तो आज का यह दिन पूरे वर्ष का सबसे खास दिन होता है जिसका हर व्यक्ति को इंतजार रहता है। इस बार सप्ताह के अंत में यह त्यौहार होने के कारण ज्यादातर लोगों ने मथुरा- वृंदावन का भी रुख कर लिया है जो अपने आराध्य के जन्मोत्सव में शामिल हो सकें।