हर महीने लगेगा जनता दरबार, मुद्दे और शिकायतों का समाधान तुरंत सुनिश्चित किया जाएगा : सुधा भारद्वाज

punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 08:34 PM (IST)

पंचकूला : नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र पंचकूला में चुनावी माहौल तेज़ होता जा रहा है। कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज लगातार जनसंपर्क अभियान के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से संवाद कर रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने सेक्टर-7, सेक्टर-9, सेक्टर-6, सेक्टर-14, वार्ड नंबर-14 तथा किसान भवन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया, जहां उन्हें व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ।

जनसभाओं को संबोधित करते हुए सुधा भारद्वाज ने कहा कि पंचकूला की जनता अब बदलाव चाहती है और निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार से मुक्ति का समय आ चुका है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब शहर को लूटने वालों की नहीं, बल्कि विकास और ईमानदारी से काम करने वालों की जरूरत है।

उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर हर महीने “जनता दरबार” आयोजित किया जाएगा, जहां आम नागरिक सीधे अपने मुद्दे और शिकायतें रख सकेंगे और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। “सीधा सवाल—तुरंत जवाब” की व्यवस्था के माध्यम से पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जाएगी।

सुधा भारद्वाज ने कहा कि उनका उद्देश्य पंचकूला को एक स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल शहर बनाना है, जहां हर वर्ग की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर एक ईमानदार और विकासशील नेतृत्व को अवसर दें।

इस अवसर पर उनके साथ मोनिका डुमरा, सुषमा खन्ना, गीता कांगड़ा, इंदु शर्मा,  निर्मला चौहान, मिथलेश चौधरी, वार्ड 4 से पार्षद प्रत्याशी  राजीव चौधरी, वार्ड 3 से प्रत्याशी रजनीश सिंगला, एवं कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)       


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static