रैली को लेकर प्रशासन अलर्ट, स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल कर किया अभ्यास(video)

2/13/2018 12:14:49 PM

झज्जर(प्रवीण धनखड़): जींद में 15 फरवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली है वहीं 18 फरवरी को जाटों द्वारा बलिदान दिवस मनाया जा रहा है। जिससे बढ़ते तनाव के कारण जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। जिसके चलते  जिला प्रशासन ने किसी भी विषम परस्थिति में कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस लाइन मैदान में मॉक ड्रिल का आयोजन किया है। मॉक ड्रिल में पुलिस अधिकारियों के अलावा प्रशासन के अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए बारीकी से पूर्वाभ्यास किया गया। स्वयं  जिला उपायुक्त सोनल गोयल और प्रवर पुलिस अधीक्षक  बी.सतीश बालन के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान आम जन की सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही शांति एवं सोहार्दपूर्ण माहौल बनाने का प्रयास किया गया है।  

पूर्वाभ्यास हर विषम परिस्थिति से निपटने के लिए जरूरी
उपायुक्त सोनल गोयल ने कहा कि मॉक ड्रिल पुलिस फोर्स के लिए तो सामान्य अभ्यास है लेकिन सिविल प्रशासन के लिए यह अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शांति एवं कानून व्यवस्था की स्थिति मजबूत करनेे के लिए मॉक ड्रिल भी एक हिस्सा है जोकि समय-समय पर आयोजित की जाती रहती हैं। गोयल ने कहा कि इस तरह का पूर्वाभ्यास हमें हर विषम परिस्थिति से निपटने के लिए मजबूती प्रदान करता है। इस मॉक ड्रिल के जरिए पुलिस फोर्स, पैरामिलिट्री व सिविल अधिकारियों को अपने अधिकार और कर्तव्यों को ध्यान में रख स्थिति को भांपते हुए स्वयं निर्णय लेना होगा। उन्होंने कहा कि डयूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस प्रभारी आपसी समन्वय बनाकर रखें और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तत्पर कदम उठाएं। 

निष्ठा एवं लगन से करें काम
गोयल ने कहा कि हरियाणा पुलिस के अलावा दूसरी पैरामिलिट्री फोर्स की कंपनियां हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि हमें निष्ठा एवं लगन के साथ अपनी डयूटी का निर्वहन करना है। उन्होंने कहा कि समाज में बिना किसी व्यवधान के शाांति व्यवस्था कायम करना हम सबका परम धर्म है। किसी को अनावश्यक परेशानी पैदा करने से शांति कायम नहीं रहती, इसके लिए हमें मिलकर कार्य करना है। 

अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक
वहीं उपायुक्त सोनल गोयल और प्रवर पुलिस अधीक्षक बी.सतीश बालन ने तुरंत प्रभाव से आगामी आदेशों तक अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगा दी है। साथ ही जो अधिकारी व कर्मचारी किसी प्रकार से छुट्टी पर हैं उनको भी तुरंत प्रभाव से कार्यालय में रिपोर्ट करने के आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिना पूर्वानुमति के कोई भी अधिकारी व कर्मचारी डयूटी से अनुपस्थित नहीं रहेगा। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाए गए हैं।

पैरामिलिट्री फोर्स की 30 कंपनियां पहुंची जींद
अमित शाह की रैली को लेकर जींद में पैरामिलिट्री फोर्स की 30 कंपनियां पहुंच चुकी हैं। इसके इलावा अन्य जिलों से भी काफी संख्यां में पुलिस कर्मचारी जींद पहुंच चुके हैं। जींद पहुंची पैरामिलिट्री फोर्स ने जींद में रैली स्थल के आस-पास मोर्चा संभाल लिया है। रैली स्थल पर सुरक्षा के पुख्ते इंतजाम कर लिए गए हैं।  

20 एलईडी से लाइव प्रसारण देख सकेंगे कार्यकर्ता
शाह की रैली में आए सभी कार्यकर्ता 300 बाई 1250 फीट के पंडाल में करीब 20 एलईडी में लाइव प्रसारण देख सकेंगे। जो 8 बाई 20 फीट साइज की होंगी। दिल्ली की कंपनी द्वारा इसको लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। रैली स्थल के पास 850 टॉयलेट बनाए जाएंगे। रैली में पूरी तरह से व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुशासन पर जोर रहेगा। इसके लिए पहले से ही पंडाल को 40 सेक्शनों में बांटा जा रहा है। अगली पंक्ति में कौन बैठेगा और बीच व आखिरी में कौन-कौन होंगे, इसके लिए बाकायदा साइन बोर्ड चस्पाए जाएंगे। रैली में आने वाले कार्यकर्ताओं की भीड़ के लिए 160 पॉइंटों पर पेयजल की सुविधा होगी।