झींडा ने की अभय चौटाला से मुलाकात, एच.एस.जी.पी.सी. के मुद्दे पर मांगा समर्थन(VIDEO)

8/17/2018 9:08:06 AM

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने एच.एस.जी.पी.सी. के मुद्दे पर नेता विपक्ष अभय सिंह चौटाला से मुलाकात कर समर्थन मांगा। झींडा ने कहा कि इनैलो हमेशा हरियाणा के हितों के लिए संघर्ष करती रही है, चाहे वह एस.वाई.एल. का मुद्दा हो या चंडीगढ़ पर हरियाणा के हक का।

चूंकि इनैलो प्रदेश हितों की हितैषी है और हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की हमारी मांग का शुरू से ही समर्थन करती रही है, इसलिए एच.एस.जी.पी.सी. हरियाणा के हकों के हर मुद्दे पर इनैलो के साथ है। झींडा ने शिरोमणि अकाली दल और इनैलो के रिश्तों पर कहा कि अभय सिंह चौटाला ने अपनी कार्यशैली से यह साबित किया है कि उनके लिए पारिवारिक सम्बंधों से अधिक प्रदेश और उसकी जनता महत्वपूर्ण है। 

अभय चौटाला ने  कहा कि पंजाब से अलग हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी प्रदेश के सिखों का अधिकार है। नेता विपक्ष ने शिरोमणि अकाली दल पर निशाना साधते हुए कहा कि 19 अगस्त को पिपली में रैली करने से पहले अकाली दल एस.वाई.एल. मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें। अगर अकाली दल हरियाणा के हितों की अनदेखी करता है तो इनैलो उसका विरोध करेगी।
 

Rakhi Yadav