पुलिस की बड़ी लापरवाही, प्रदर्शनी के बाद बच्चों से उठवाए खतरनाक हथियार

1/21/2017 10:38:54 PM

जींद (विजेंद्र कुमार):जींद में पुलिस द्वारा बच्चों के हाथों में दर्जनों खतरनाक हथियार थमाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्चों को जो हथियार थमाए गए उनमें बंदूकें, राइफलें, स्वचालित हथियार व गोला बारूद, आंसू गैस के गोले इत्यादि शामिल थे।  हथियार थमाने के दौरान बच्चें इन हथियारों से खेलते व छेड़खानी करते नजर आए। जिस कार्यक्रम में ये खतरनाक हथियार थमाए गए उस कार्यक्रम में खुद हरियाणा के डीजीपी खुद शामिल थे। 


आज जींद की पुलिस लाईन में पुलिस द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। हरियाणा के डीजीपी के.पी. सिंह खुद इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। यह कार्यक्रम था कि 29 जनवरी से पूरे हरियाणा में शुरू होने वाले जाट आंदोलन से कैसे निपटा जाए। पुलिस के जवानों को आंदोलन से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार करने के उदेश्य से खुद डीजीपी इस कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान हथियारों की एक प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसमें जींद पुलिस के पास मौजूद हर प्रकार के खतरनाक हथियार रखे गए थे। इस दौरान डीजीपी ने पुलिस के सैकड़ों जवानों को संबोधित करते हुए कहा पुलिस के सामने हर पल हर दम चुनौती रहती है कि कि किस प्रकार शांति का वातावरण बना रहे। कैसे अपराधियों पर नियंत्रण बना रहे। लोकतंत्र में सबको अपनी बात कहने का हक है। जो कानून के दायरे में रहकर अपनी बात कहता है उसका स्वागत है लेकिन जो कानून के दायरे में रहकर बात नहीं करेगा उनके खिलाफ पहले भी कार्रवाई हुई है और आगे भी होगी।


डीजीपी साहब तो पुलिस के जवानों को कानून का पाठ पढ़ाकर चलते बने लेकिन पुलिस के जवानों ने कानून का कितना पाठ पढ़ा यह आप खुद देख लीजिए। जब प्रोग्राम खत्म हुआ तो सब लोग जाने लगे और प्रदर्शनी के दौरान रखे हथियार भी उठाए जाने लगे। पुलिस के जवानों ने सारे हथियार खुद उठाने की बजाय वहीं पुलिस लाईन में स्थित एक स्कूल के बच्चों को ये खतरनाक हथियार उठाने के लिए बुला लिया। बच्चों को ये दर्जनों खतरनाक हथियार थमा दिए गए। बच्चे अपने अपने हाथों में ये हथियार लेकर पुलिस लाईन स्थित स्टोर रूम के लिए चल दिए। इस दौरान रास्ते में बच्चे इन खतरनाक हथियारों से खेलते व छेड़खानी करते नजर आए।