जींद उपचुनाव: 13 राऊंड में कांग्रेस, लोसुपा एक बार भी नहीं रही नंबर वन

2/1/2019 3:35:57 PM

जे.जे.पी. महज 5 राऊंड में नंबर वन, तो भाजपा 8 में रही नंबर वन

जींद (जसमेर): जींद उप-चुनाव की वीरवार को मतगणना कुल 13 राऊंड में हुई। इसमें कांग्रेस, लोसुपा और इनैलो एक भी राऊंड में नंबर वन नहीं रही। जे.जे.पी. केवल 5 राऊंड में नंबर वन रही तो जीत हासिल करने वाली भाजपा 8 राऊंड में पहले स्थान पर रही। एक खास बात यह है कि कांग्रेस के रणदीप सुर्जेवाला जे.जे.पी. से केवल एक राऊंड में ही ज्यादा वोट ले पाए।  वीरवार सुबह 8 बजे की बजाय मतगणना लगभग 9 बजे शुरू हो पाई। चुनावी नतीजा दोपहर 12 बजे तक आने की उम्मीद थी लेकिन अंतिम चुनावी नतीजा दोपहर बाद लगभग साढ़े 3 बजे के बाद ही आ पाया।

मतगणना का काम उस स्पीड से नहीं चला, जिस स्पीड से इसे चलाने का दावा अधिकारियों द्वारा किया गया था। अर्जुन स्टेडियम में बने मतगणना केंद्र के बाहर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे। अद्र्धसैनिक बलों से लेकर हरियाणा पुलिस के जवान यहां सुरक्षा में तैनात थे। खुद एस.एस.पी. अश्विन शैणवी, डी.एस.पी. पुष्पा खत्री, आदर्शदीप सिंह सुरक्षा इंतजामों पर नजर रखे हुए थे। मतगणना जैसे ही शुरू हुई तो प्रत्याशियों के साथ-साथ बाहर खड़े उनके समर्थकों और मतगणना केंद्र के अंदर मौजूद उनके चुनावी एजैंटों के दिलों की धड़कनें तेज होने लगी थीं।

पहले राऊंड में दिग्विजय की 804 मतों की लीड से ही हो गई थी भाजपा की जीत तय
जींद विधानसभा क्षेत्र में मतों की गणना बूथ नंबर 1 से शुरू होती है। बूथ नंबर एक से 30 तक ग्रामीण क्षेत्र है और जब पहले राऊंड की मतगणना में जे.जे.पी. के दिग्विजय चौटाला को भाजपा के डा.कृष्ण मिड्ढा पर केवल 804 मतों से ही लीड मिल पाई तो तभी तय हो गया था कि अब जीत भाजपा की होगी। वजह यह थी कि ग्रामीण क्षेत्र में भाजपा को नंबर 3 पर माना जा रहा था और उम्मीद यह थी कि कांग्रेस के रणदीप सुर्जेवाला दूसरे स्थान पर रहेंगे तथा जे.जे.पी. को कम से कम 2 हजार मतों की लीड मिलेगी। 

जब दूसरे राऊंड का नतीजा सामने आया तो जे.जे.पी. के दिग्विजय की लीड 1338 पर आ गई थी। तीसरे राऊंड के बाद दिग्विजय चौटाला की लीड भाजपा के डा.कृष्ण मिड्ढा पर 1876 की ही हो पाई थी और तब तक ग्रामीण क्षेत्र की मतगणना पूरी हो चुकी थी। चौथे राऊंड में जींद शहर आया तो भाजपा के डा.कृष्ण मिड्ढा ने दिग्विजय चौटाला की 3 राऊंड की 1876 मतों की लीड को काटकर उन पर 2038 मतों से लीड बना ली थी। 

5वें राऊंड की मतगणना के बाद भाजपा के डा.कृष्ण मिड्ढा लगातार अपनी लीड दिग्विजय चौटाला पर बढ़ाते चले गए और जब 13वें और अंतिम राऊंड की मतगणना पूरी हुई तो डा.कृष्ण मिड्ढा ने जे.जे.पी. के दिग्विजय चौटाला पर 12935 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर ली। 

लोसुपा ने कांग्रेस को 3 बार, तो जे.जे.पी. को 2 बार छोड़ा पीछे
लोसुपा ने कांग्रेस को 3 बार, तो जे.जे.पी. को 2 बार पीछे छोड़ा। इनैलो को लोसुपा ने सभी 13 राऊंड में पछाडऩे का काम किया। लोसुपा 5वें और छठे राऊंड में दूसरे स्थान पर रही। 9वें राऊंड में वह तीसरे स्थान पर रही। इसके अलावा वह दूसरे सभी राऊंड में चौथे स्थान पर थी। इनैलो 13 राऊंड में से केवल 2 राऊंड में चौथे स्थान पर रही, जबकि बाकी राऊंड में वह 5वें स्थान पर रही। 

इनैलो 3 बार दहाई के आंकड़े से नहीं निकल पाई बाहर
2009, 2014 के विधानसभा चुनाव में जींद सीट जीतने वाली इनैलो की हालत उप-चुनाव में इतनी खराब रही कि वीरवार को मतगणना के दौरान इनैलो प्रत्याशी उमेद रेढू 13 राऊंड में से 3 राऊंड में दहाई के आंकड़े से भी आगे नहीं बढ़ पाए। उन्हें केवल पहले राऊंड में 992 वोट मिले। उसके बाद वह किसी राऊंड में 400 वोट भी हासिल नहीं कर पाए।

15 प्रत्याशियों से आगे रहा नोटा
जींद उप-चुनाव में 21 प्रत्याशियों ने किस्मत आजमाई। इनमें 5 प्रत्याशी भाजपा, कांग्रेस, इनैलो, जे.जे.पी. और लोसुपा के थे। इनके अलावा चुनावी मैदान में 16 और प्रत्याशी थे। नोटा ने इन 16 में से 15 प्रत्याशियों को वोट के मामले में पछाड़ दिया। जींद उप-चुनाव में नोटा को 345 वोट मिले। इतने वोट 15 प्रत्याशियों में से कोई भी हासिल नहीं कर पाया। केवल एक प्रत्याशी एस.एन.पी. के राधेश्याम को 360 वोट मिले।

Shivam