जींद उपचुनाव में भाजपा ने विपक्षी पार्टियों को दिखाई औकात : सुभाष बराला

2/13/2019 5:44:31 PM

फतेहाबाद (रमेश भट्ट): फतेहाबाद में भाजपा नेता सुनीता दुग्गल के निवास पर पहुंचें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने साफ करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश में बिना किसी गठबंधन के स्वयं अपने दम पर ही चुनाव लड़ेगी। भाजपा का अगर किसी के साथ गठबंधन है तो वो जनता के साथ है।



वहीं सुभाष बराला ने जींद उपचुनाव की जात पर चुटकी लेते हुए कहा कि जनता ने विपक्षी दलों को उनकी औकात दिखा दी है। साथ ही यह साबित कर दिया है कि देश और प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी में विश्वास रखती है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के भाजपा को जुमला पार्टी कहने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जींद उपचुनाव के दौरान दावा करते नजर आए थे कि उनका उम्मीदवार 30 हजार से अधिक मतों से जीत दर्ज करेगा, मगर हालत यह है कि कांग्रेस उम्मीदवार को कुल 30 हजार वोट ही नहीं पड़े। अब कोई बताए जुमला पार्टी कौन सी है।



वहीं उन्होंने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनावों को लेकर पूरी तरह से तैयार है। सांगठनिक रूप से भी उनकी तैयारियां पूरी तरह से चल रही हैं। वहीं उन्होंने इनेलो नेता औमप्रकाश चौटाला के चुनावों में जेल तोड़कर बाहर आने वाली ब्यान को गैर संवैधानिक करार दिया और नसीहत दी कि किसी को भी इस प्रकार के ब्यान नहीं देने चाहिए।

Deepak Paul