जींद-पानीपत मार्ग पर दर्दनाक हादसा, छात्र के उतरने से पहले ही ड्राइवर ने चला दी बस...सड़क पर गिरने से मौत; परिवार में पसरा मातम
punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2026 - 09:50 AM (IST)
जींद : जींद-पानीपत मार्ग पर स्थित सफीदों के व्यस्त खानसर चौक पर दर्दनाक हादसा हो गया। यहां निजी बस से उतरते समय सड़क पर गिरने से 11वीं कक्षा के छात्र रोहित की मौत हो गई। वहीं इस घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया।
पुलिस को दी शिकायत में पिता ने बताया कि उसका बड़ा बेटा रोहित 11वीं में पढ़ता था। वह किसी काम से पानीपत गया था और शाम को साथी के साथ निजी बस से सफीदों लौट रहा था। खानसर चौक के पास बस चालक ने छात्र के पूरी तरह नीचे उतरने से पहले ही बस चला दी, जिससे उसका बैलेंस बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे नागरिक अस्पताल सफीदों लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।