जींद के स्वास्थ्य विभाग ने यू.पी. में की रेड, 42 हजार में हो रही थी भ्रूण की लिंग जांच

12/27/2020 9:16:44 AM

जींद : जींद के स्वास्थ्य विभाग ने कन्या भ्रूण हत्या रोकने की अपनी मुहिम तहत उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी में शुक्रवार देर रात तक रेड की। भ्रूण में पल रहे बच्चे के लिंग की जांच का मामला पकड़ा और 2 महिलाओं समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ लोनी में पी.एन.डी.टी. एक्ट तहत एफ.आई.आर. दर्ज करवाने को लेकर लोनी के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है। रेड के बाद जींद के निडानी गांव की आशा वर्कर अनिता से 11 हजार रुपए के वे नोट भी बरामद हुए जिन पर जींद के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के हस्ताक्षर थे। मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस और वहां का स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई और जांच में जुटा है। 

पी.एन.डी.टी. के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. पालेराम कटारिया को यह सूचना मिली थी कि भ्रूण में पल रहे बच्चे के लिंग की जांच मोटे पैसे लेकर की जा रही है। इस सूचना के बाद डॉ. पालेराम की अगुवाई वाली टीम ने उस व्यक्ति से संपर्क साधा जिसने यह सूचना दी थी। टीम ने एक गर्भवती महिला को अपना जासूस बनाया और उसके गर्भ में पल रहे भ्रूण की लिंग जांच करवाने को लेकर उस दलाल से बात की जो इस तरह से लिंग जांच करवाता है। सौदा 42 हजार रुपए में तय हुआ। सौदा तय होने के बाद शुक्रवार को डॉ. पालेराम कटारिया और उनकी टीम जींद के निडानी गांव की उस आशा वर्कर अनिता को साथ लेकर निकले जिसके माध्यम से भ्रूण की लिंग जांच का सौदा हुआ था। दलाल टीम को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी लेकर गया। लोनी की तंग गलियों में जींद के स्वास्थ्य विभाग की जासूस गर्भवती महिला और दिल्ली की एक अन्य गर्भवती महिला को एक युवक बाइक पर लेकर गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम कार से पीछा नहीं कर पाई। जब उक्त युवक महिलाओं को वापस छोडऩे आया तब उसे काबू करने का प्रयास किया तो वह फरार हो गया।

इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उत्तर प्रदेश के लोनी की पुलिस और वहां के पी.एन.डी.टी. के अफसरों से संपर्क साधा। शुरू में यू.पी. पुलिस और वहां के स्वास्थ्य विभाग ने जींद के स्वास्थ्य विभाग की मदद नहीं की। इस पर डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. पालेराम कटारिया ने जींद के डी.सी. डॉ. आदित्य दहिया के नोटिस में पूरा मामला लाया। डी.सी. ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के आलाधिकारियों से बात की। उसके बाद ही लोनी पुलिस और वहां का पी.एन.डी.टी. विभाग मामले में कार्रवाई के लिए तैयार हुआ। जींद के स्वास्थ्य विभाग की लिखित शिकायत पर जांच और कार्रवाई होगी। स्वास्थ्य विभाग को लोनी के पी.एन.डी.टी. विभाग और पुलिस ने इस रेड को लेकर स्पाट मैमो की प्रति दी है।

Manisha rana