जींद की ऐतिहासिक कंडेला खाप बिना प्रधान के दोनों प्रधानों के इस्तीफे मंजूर

punjabkesari.in Monday, Mar 15, 2021 - 09:42 AM (IST)

जींद: जींद की ऐतिहासिक कंडेला खाप रविवार को बिना प्रधान की हो गई। रविवार को खाप के दोनों प्रधानों ने पद से इस्तीफे दे दिए जो खाप की आम सभा ने मंजूर कर लिए। अब 2 महीने बाद खाप के नए प्रधान की नियुक्ति होगी। कंडेला खाप के प्रधान पद को लेकर पिछले दिनों विवाद खड़ा हो गया था। गांव के कुछ लोगों ने टेकराम कंडेला को खाप के प्रधान पद से हटाकर उनकी जगह ओमप्रकाश को नया प्रधान नियुक्त कर दिया था।

खाप प्रधान टेकराम कंडेला ने ओमप्रकाश को प्रधान बनाने के लिए हुई बैठक को खारिज करते हुए खुद को प्रधान पद पर काबिज बताया था। इसी विवाद के निपटारे के लिए खुद टेकराम कंडेला ने खाप प्रधान की हैसियत से रविवार को कंडेला गांव में खाप के ऐतिहासिक चबूतरे पर खाप के सभी गांवों की 36 बिरादरी के लोगों की आम सभा बुलाई थी। इसमें टेकराम कंडेला ने प्रधान पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के बाद आम सभा ने ओमप्रकाश से भी बात की और उन्होंने भी खाप का प्रधान पद छोड़ दिया। ईश्वर लोहचब की अध्यक्षता में हुई आम सभा की बैठक में हो-हल्ले के बीच यह तय हुआ कि दोनों प्रधानों के इस्तीफे मंजूर कर लिए गए। नए प्रधान की नियुक्ति तक खाप बिना प्रधान रहेगी।


किसी आपात स्थिति में खाप की बैठक बुलानी पड़ी तो कंडेला गांव के 2 नंबरदार इसके लिए खाप के सभी गांवों में चिट्ठी भेजेंगे। 2 महीने बाद कंडेला खाप के नए प्रधान की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। तब तक टेकराम कंडेला और ओमप्रकाश खुद को कंडेला खाप का प्रधान नहीं बताएंगे। रविवार को हुई बैठक में टेकराम कंडेला, ओमप्रकाश, जगत सिंह रेढू, प्रकाश बोहतवाला, बलजीत कंडेला, रघुबीर भारद्वाज, दलीप भारद्वाज समेत खाप के अनेक प्रमुख लोगों ने भाग लिया।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static