हरियाणा में कायम रहेगा जजपा-‘आप’ गठबंधन: केजरीवाल

2/3/2019 10:53:56 AM

नई दिल्ली(महावीर गोयल): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी-जजपा के साथ मिलकर लोकसभा व विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा का मतदाता कांग्रेस व भाजपा सरकार से तंग आ चुका है। इसलिए उन्हें नए विकल्प की तलाश थी जो जजपा-आप गठबंधन से पूरी हो गई है। 
वह शनिवार को अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जींद उप-चुनाव में जजपा व आम आदमी पार्टी गठबंधन के दूसरे नंबर पर आना बड़ी बात रही। हमने कांग्रेस के मंझे हुए उम्मीदवार व वर्षों पुरानी पार्टी इनैलो को न केवल भारी अंतर से हराया बल्कि उनकी जमानत तक जब्त करवाई। लोकसभा व हरियाणा के विधानसभा चुनाव में गठबंधन के संदर्भ में उन्होंने स्पष्ट किया यही गठबंधन पूरे जोश व उत्साह से मैदान में उतरेगा व भाजपा व कांग्रेस को उनकी सही जगह पहुंचाएगा। विधानसभा चुनाव में गठबंधन का प्रारूप क्या होगा इसका खुलासा जल्द कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की हालत इतनी दयनीय है कि उसके अपने सांसद ही मैदान छोड़ भागने को तैयार हैं। उन्होंने लोकसभा-विधानसभा चुनाव हरियाणा में एक साथ होने पर अपनी पार्टी को इसके लिए तैयार बताया।

शीला की बूढ़ी कांग्रेस से ‘आप’ को खतरा नहीं 
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में शीला दीक्षित की बूढ़ी कांग्रेस से आम आदमी पार्टी को कोई खतरा नहीं है। आम आदमी पार्टी अपने विकास मॉडल पर न केवल पुन सत्ता में दिल्ली में वापसी करेगी बल्कि अन्य राज्यों में भी आप का प्रदर्शन बेहतरीन रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच समझौते की कोई संभावना नहीं है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। अरविंद केजरीवाल ने कहा दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने जो काम किए हैं, उसकी बदौलत दिल्ली का वोटर दोबारा आम आदमी पार्टी को चुनेगा। 

5 राज्यों में लोकसभा चुनाव लड़ेगी ‘आप’ 
केजरीवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी 5 राज्यों में अपने उम्मीदवार खड़े करेगी। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गोवा में ‘आप’ सभी सीटों पर लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारेगी जबकि ओडिशा की कुछ सीटों पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी। लोकसभा चुनाव में समझौते को लेकर केजरीवाल ने कहा कि इस संदर्भ में पार्टी के पास अभी सारे विकल्प खुले हैं। गठबंधन न तो आप की प्राथमिकता है और न ही इससे परहेज करती है लेकिन इस संदर्भ में जल्द ही पार्टी ठोस निर्णय लेगी कि लोकसभा चुनाव में कैसे भाजपा और कांग्रेस को सत्ता में आने से रोकना है। 

Deepak Paul