बिजली कर्मचारियों के समर्थन में उतरी JJP, दुष्यंत चौटाला बोले- निजीकरण नहीं होने देंगे, कर्मचारियों के साथ खड़ी पार्टी

punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2026 - 04:05 PM (IST)

सिरसा : हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सिरसा में पत्रकार वार्ता की। पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि जेजेपी बिजली वितरण का काम निजी हाथों में सौंपने का डट कर विरोध करती है।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण के निजी कंपनी के लाइसेंस को तुरंत निरस्त करें। पार्टी  निगम के कर्मचारियों के पूरी तरह के  साथ खड़ी है। जेजेपी निगम के कर्मचारियों के आंदोलन में कंधा से कंधा मिलाकर चलेगी। हरियाणा की जनता के हितों की रक्षा के लिए निगम का निजीकरण नहीं होने देंगे।

बता दें कि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण गुरुग्राम, फरीदाबाद और नूंह जिलों में बुधवार रात 10 बजे से अंधेरा छा गया, जिससे हजारों उपभोक्ता और औद्योगिक इकाइयां प्रभावित हुईं।कर्मचारियों ने हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) द्वारा गुरुग्राम और नूंह जिलों में एक निजी कंपनी को समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देने के फैसले के विरोध में हड़ताल की घोषणा की थी। 

औद्योगिक इकाइयों में बिजली कटौती के कारण मशीनें बंद हो गई हैं और उत्पादन ठप पड़ गया है, जिससे कारोबारी गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। सैकड़ों इकाइयों में कामकाज बंद होने से नुकसान का खतरा बढ़ गया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से कई इलाकों में पेयजल की किल्लत हो गई। फरीदाबाद में बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर न्यू इंडस्ट्रियल टाउनशिप-2 क्षेत्र के लोग सड़कों पर उतर आए। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती से जलापूर्ति भी प्रभावित हुई है। नूंह जिले में भी बिजली कटौती से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। पुन्हाना, नगीना और फिरोजपुर झिरका सहित कई क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static