JJP ने 25 अप्रैल तक बढ़ाया सदस्यता अभियान, अब तक 5 लाख नए सदस्य बने: दिग्विजय चौटाला

4/15/2022 8:50:15 PM

चंडीगढ़ (धरणी) : जननायक जनता पार्टी ने अपने सदस्यता अभियान को 25 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। अब तक पार्टी ने लक्ष्य से ज्यादा लगभग पांच लाख नए सदस्य बनाए है, जो कि ऐतिहासिक है। यह जानकारी जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने दी। वे चंडीगढ़ में पत्रकारों से रूबरू थे। इस दौरान दिग्विजय ने कांग्रेस की गुटबाजी पर भी कटाक्ष किया और कहा कि देश व प्रदेश में कांग्रेस का अंत तय है। वहीं उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों से कुश्ती खेल को बाहर करने के विषय को लेकर आईओए अध्यक्ष से बातचीत करने की बात कही तथा कई राज्यों में हो रही हिंसक घटनाओं पर दिग्विजय ने निंदा करते हुए सबसे शांति की अपील की। 

जेजेपी प्रधान महासचिव ने कहा कि जेजेपी ने प्रदेशभर में साढ़े चार लाख के लक्ष्य के साथ 13 मार्च से एक माह का सदस्यता अभियान शुरू किया था। उन्होंने कहा कि पार्टी के मेहनती पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बदौलत जेजेपी ने अब तक लक्ष्य से ज्यादा लगभग पांच लाख नए सदस्य पार्टी से जोड़े है। इनमें युवा, महिला, बुजुर्ग समेत तमाम वर्ग निरंतर बढ़ चढ़कर जेजेपी की नीतियों और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की कार्यशैली को देखते हुए जुड़ रहे है। दिग्विजय ने कहा कि पार्टी ने इसे देखते हुए अब 25 अप्रैल तक सदस्यता अभियान जारी रखने का निर्णय लिया है।

कांग्रेस की गुटबाजी पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस के बिखरे हुए परिवार को कोई नहीं जोड़ सकता है। उन्होंने कहा कि परिवार के मुखिया द्वारा बैठकर सबको समझाने के बाद भी कांग्रेस में बर्तन बज रहे है। दिग्विजय ने कहा कि ये सब दर्शाता है कि देश और प्रदेश से कांग्रेस का अंत तय है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बैठक के बाद भी कांग्रेस नेताओं का अलग-थलग रहना, कुमारी शैलजा द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना, कांग्रेस में एससी का अपमान होना, ये सब दर्शा रहा है कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का अपने बेटे के प्रति लोभ अब कांग्रेस के काम नहीं आ रहा है बल्कि उनके लिए ही बर्बादी का सबक बन रहा है।

राष्ट्रमंडल खेलों से कुश्ती खेल को बाहर करने पर दिग्विजय ने कहा कि कुश्ती देश व प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण खेल है। उन्होंने कहा कि इस विषय में वे भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा से बातचीत करेंगे और आग्रह करेंगे कि चर्चा के माध्यम से इसे बहाल करवाया जाए। वहीं दिग्विजय चौटाला ने कई राज्यों में हो रही हिंसा की घटनाओं पर निंदा जताई और सभी से शांति की अपील की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई जगहों से हिंसा की खबरें आ रही है, जो कि निंदनीय है, सबको शांति व सद्भाव बनाए रखना चाहिए। उन्होंने यह भी विश्वास दिलाया कि हम ऐसा हरियाणा में कभी नहीं होने देंगे।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)
 

Content Writer

Manisha rana