जेजेपी नेता ने थामा भाजपा का दामन, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा ने किया स्वागत
punjabkesari.in Sunday, Nov 22, 2026 - 10:51 AM (IST)
जींद (अमनदीप पिलानिया) : हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा के नेतृत्व में जींद में भारतीय जनता पार्टी को उस समय मजबूती मिली, जब पूर्व में जींद नगर सुधार मंडल के चेयरमैन रहे स्वर्गीय धर्मपाल मित्तल के सुपुत्र एवं जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के नेता हर्ष मित्तल ने भाजपा का दामन थाम लिया। उन्होंने डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी के साथ मिलकर कार्य करने का निर्णय लिया।

इस अवसर पर डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा ने हर्ष मित्तल का भाजपा परिवार में स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि जींद में तेजी से हो रहे विकास कार्यों और विकास को मिल रही नई गति से प्रभावित होकर हर्ष मित्तल ने भाजपा के साथ जुड़ने का निर्णय लिया है। उनके पार्टी में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी।

डॉ. मिड्डा ने विश्वास जताया कि हर्ष मित्तल संगठन की मजबूती के साथ-साथ जींद के विकास में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार में शामिल होने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता का पूरा मान-सम्मान किया जाता है और सभी को साथ लेकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र धवन भी उपस्थित रहे।डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा ने कहा कि उनका संकल्प विकसित जींद और समृद्ध जींद का निर्माण करना है तथा इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।