नया हरियाणा बनाने के लिए जे.जे.पी. का साथ दें : नैना

3/31/2019 10:29:16 AM

तोशाम (भारद्वाज): जे.जे.पी. के संस्थापक डा. अजय सिंह चौटाला की कर्मभूमि भिवानी जिले के हलका तोशाम में नैना सिंह चौटाला ने कहा कि नया और उन्नत हरियाणा बनाने के लिए प्रदेश में जननायक जनता पार्टी एक सर्वश्रेष्ठ विकल्प है। प्रदेश में युवा और नई सोच की राजनीति नींव को मजबूत करने के लिए दुष्यंत चौटाला को साथ 2 और आगामी लोकसभा में पार्टी प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए पुरुषों के साथ साथ महिलाएं भी पूरा जोर लगा दें।

प्रदेश में जे.जे.पी. को सत्ता में लाने और केंद्र सरकार में भी प्रदेश की राजनीति का दबदबा कायम रखने के लिए जे.जे.पी. के लोकसभा प्रत्याशियों को विजयी बनाकर संसद में भेजें। वे यहां तोशाम हलके के गांव पटौदी में आयोजित हरी चुनरी की चौपाल कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता सम्बोधित कर रही थीं। यहां पहुंचने पर महिलाओं ने डबवाली से विधायक नैना सिंह चौटाला और महिला प्रदेशाध्यक्षा शीला भ्याण का स्वागत किया। 

नैना चौटाला ने कहा भाजपा 5वर्ष तक केंद्र में सत्ता में है पर भाजपा द्वारा किए गए वायदे के मुताबिक न तो विदेशों से काला धन आया, न आम लोगों के खातों में 15 लाख आए, न 2 करोड़ युवाओं को रोजगार मिला, न हरियाणा में एस.वाई.एल. नहर का पानी आया और न ही स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू कर किसानों को लाभकारी मूल्य दिए। भाजपा ने नारी को शिक्षित करने और बेटी बचाने के लिए नारे तो दिए परन्तु आज न तो प्रदेश में महिलाओं की शिक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाए और न ही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर सके। जे.जे.पी. के सत्ता में आने पर हम स्वास्थ्य, सुरक्षित और शिक्षित हरियाणा बनाएंगे। 

जजपा को 9 सीटों पर मिले 134 आवेदन  
चंडीगढ़ (बंसल):
जननायक जनता पार्टी को लोकसभा चुनाव में 9 सीटों पर प्रत्याशी बनने के लिए 134 आवेदन मिले हैं। हिसार में दुष्यंत चौटाला के चलते किसी भी नेता ने आवेदन नहीं दिया है। जजपा ने चुनाव लडऩे के इच्छुक कार्यकर्ताओं से आवेदन मांगे थे। सूत्रों के अनुसार पार्टी के दिल्ली स्थित मुख्यालय पर रोहतक लोकसभा सीट से 14, सोनीपत सीट से 21, करनाल सीट से 11, कुरुक्षेत्र से 09, अम्बाला लोकसभा सीट से 13, सिरसा लोकसभा सीट से 18, भिवानी से 11, गुरुग्राम से 09 तथा फरीदाबाद लोकसभा सीट से सर्वाधिक 28 लोगों ने आवेदन किया है।

इनमें पूर्व आई.ए.एस., आई.पी.एस. अधिकारियों के अलावा नामचीन खिलाड़ी भी शामिल हैं। हरियाणा के तीन पूर्व उपकुलपतियों व दो लैफ्टिनैंट जनरल ने भी दावा पेश किया है। हालांकि जजपा द्वारा अभी किसी भी सीट के संबंध में फैसला नहीं किया गया है लेकिन पार्टी द्वारा आवेदनों की छंटनी शुरू की जा चुकी है। इसके बाद सभी लोकसभा क्षेत्रों से तीन-तीन नेताओं के नाम का पैनल तैयार किया जाएगा। इसमें से प्रत्याशी का चयन होगा।

kamal