पत्रकार छत्रपति हत्या मामला: 8 मई को होगा खट्टा सिंह की गवाही पर क्रॉस एग्जामिन

5/5/2018 1:08:46 PM

पंचकूला(उमंग श्योराण): पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामले में पंचकूला की विशेष सीबीआई कोर्ट में अहम गवाह व राम रहीम का पूर्व ड्राइवर खट्टा सिंह की गवाही हुई। डेरा प्रमुख राम रहीम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए कोर्ट में पेश हुए। मामले की अगली सुनवाई 8 मई को होगी। उस दिन मामले में खट्ट सिंह की गवाही पर क्रॉस एग्जामिन होगा। मामले में फाइनल बहस की प्रक्रिया पूरी होते ही फैसला सुनाया जाएगा। 

उल्लेखनीय है कि साध्वी यौन शोषण मामले में सुनारिया जेल में सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम की इस केस के कारण मुश्किलें बढ़ी हुई है। डेरा मुखी से जुड़े उक्त केस पर पूरे देश की निगाह है। मामले में जिस तेजी से अदालती प्रक्रिया चल रही है, उससे सभी को फैसलों की जल्द उम्मीद है। गुरमीत राम रहीम पर सिरसा के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के आरोप का है। छत्रपति अपने अखबार 'पूरा सच' में अक्सर डेरा सच्चा सौदा में हो रहे अन्याय और अत्याचार के बारे में लिख रहे थे। 'पूरा सच' अखबार ने ही साध्वी का वो खत छापा था जिसमें सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय में महिलाओं का यौन उत्पीड़न की बात लिखी गई थी। उन्हें अक्तूबर 2002 में उन्हें गोली मार दी गई थी। हत्या के पीछे राम रहीम को बताया गया। इस मामले में गुरमीत राम रहीम को मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर सीबीआई ने नामजद किया है।

Nisha Bhardwaj