पत्रकार हत्या मामला: कोर्ट नहीं पहुंचा राम रहीम का वकील, कल होगी मामले की सुनवाई

5/22/2018 4:56:08 PM

पंचकूला(उमंग श्योराण): डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम पर पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामले में आज सुनवाई नहीं हो पाई। बचाव पक्ष के वकील के सीबीआई कोर्ट में न पहुंचने के चलते सुनवाई कल तक के लिए टाल दी गई है। जिसके चलते मामले की अगली सुनवाई अब कल यानी 23 मई को होगी। अगली सुनवाई के दौरान पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामले में अहम गवाह व राम रहीम के पूर्व ड्राइवर खट्टा सिंह की गवाही पर क्रॉस एग्जामिनेशनजारी रहेगा। 

आज भी गवाह खट्टा सिंह के बयानों को लेकर सीबीआई पक्ष द्वारा क्रॉस एग्जामिनेशन किया जाना था। डेरा प्रमुख राम रहीम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए कोर्ट में पेश हुए। मामले की सुनवाई पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत पिछले काफी समय से कर रही है। मामले में फाइनल बहस की प्रक्रिया पूरी होते ही फैसला सुनाया जाएगा। 

उल्लेखनीय है कि साध्वी यौन शोषण मामले में सुनारिया जेल में सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम की इस केस के कारण मुश्किलें बढ़ी हुई है। डेरा मुखी से जुड़े उक्त केस पर पूरे देश की निगाह है। मामले में जिस तेजी से अदालती प्रक्रिया चल रही है, उससे सभी को फैसले की जल्द उम्मीद है। गुरमीत राम रहीम पर सिरसा के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के आरोप का है। छत्रपति अपने अखबार 'पूरा सच' में डेरा सच्चा सौदा में हो रहे अन्याय और अत्याचार के बारे में लिख रहे थे। 'पूरा सच' अखबार ने ही साध्वी का वो खत छापा था जिसमें सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय में महिलाओं का यौन उत्पीड़न की बात लिखी गई थी। उन्हें अक्तूबर 2002 में उन्हें गोली मार दी गई थी। हत्या के पीछे राम रहीम को बताया गया। इस मामले में गुरमीत राम रहीम को मुख्य साजिशकर्त्ता के तौर पर सीबीआई ने नामजद किया है।

Nisha Bhardwaj