मशरूम प्रोजेक्ट लगाने पर किसानों को सस्ती दरों पर उपलब्ध होगी बिजली: कृषि मंत्री

7/20/2020 4:18:43 PM

होडल (हरिओम): हरियाणा के कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने किसानों को प्रेरित करते हुए कहा है कि मशरूम प्रोजेक्ट लगाने वाले किसानों को सरकार सस्ती दरों पर बिजली उपलब्ध कराएगी। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि वर्ष 2022 तक देश के किसानों की आमदनी को दुगना किया जाए, प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा द्वारा अथक प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को भी परम्परागत खेती करने की बजाय बागवानी की खेती की तरफ अग्रसर होना चाहिए। 

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसानों को बागवानी की तरफ लाने के लिए बागवानी विभाग द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई गई हैं। किसानों को फल, फूल, सब्जियों की खेती करने के लिए अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने प्रत्येक जिले में बागवानी उत्कृष्टïता केंद्र खोलने की योजना तैयार की जा रही है। बागवानी उत्कृष्टïता केंद्रों में खेती करने की नवीन तकनीकों के बारे में किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि पलवल जिले के गांव नांगल ब्राह्मïण में प्रगतिशील किसान द्वारा 2 करोड़ रूपए की लागत से मशरूम का प्रोजेक्ट लगाया हुआ है। जिसके माध्यम से करीब 50 से 60 लाख रूपए वार्षिक की आमदनी प्राप्त की जा सकती है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की यह कोशिश रहेगी कि इस प्रकार के प्रोजेक्ट तैयार कर प्रदेश के अन्य जिलो में लगाए जाएंगे। इसके माध्यम से प्रदेश के युवाओं को रोजगार भी प्राप्त होगा। मशरूम का प्रोजेक्ट लगाने पर किसानों को सस्ती दरों पर बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी। 

कृषि मंत्री ने कहा कि पलवल जिले में बागवानी का क्षेत्र साढ़े पांच सौ हेक्टेयर के करीब है। आगामी दो सालों में जिले में बागवानी के क्षेत्र को 5 हजार हेक्टेयर तक बढ़ाने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बागवानी की खेती में अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को भी बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन की तरफ रूझान करना चाहिए। केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार भी इस दिशा में योजनाएं बना रही है, जिससे युवाओं को आगे बढऩे का मौका मिलेगा। युवा खेती के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे तो हमारा देश भी आगे बढ़ेगा।

उन्होंने कहा किसानों को रसायनिक खादों की बजाय जैविक खेती करनी चाहिए। इसके साथ ही किसानों को मिश्रित खेती पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार अपनाना चाहिए ताकि वे औरों को भी रोजगार प्रदान कर सकें। कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने गांव बहीन स्थित दादा कान्हा रावत पार्क में पौधारोपण किया और गौशाला का अवलोकन भी किया। उन्होंने गांव असावटा स्थित प्रगतिशील किसान धर्म भारद्वाज के फार्म में पौधारोपण किया।

Shivam