जुलाना नगरपालिका चेयरमैन डॉ. संजय जांगड़ा सस्पेंड, इस कांड को लेकर लिया गया एक्शन
punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 08:42 PM (IST)
जुलाना (विजेन्दर): हरियाणा के जींद जिले के जुलाना से इस वक्त की सबसे बड़ी प्रशासनिक खबर आ रही है। शहरी स्थानीय निकाय विभाग के महानिदेशक (DG) ने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते जुलाना नगरपालिका के चेयरमैन डॉ. संजय जांगड़ा को उनके पद से तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
डॉ. संजय जांगड़ा पर यह कार्रवाई पिछले साल एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) द्वारा दर्ज किए गए रिश्वत के मामले में की गई है। 16 अगस्त 2025 को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर डॉ. संजय जांगड़ा को 2 लाख 27 हजार 500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। आरोप था कि एक ठेकेदार के 91 लाख 20 हजार 454 रुपये के लंबित बिल पास करने के बदले में यह मोटी रिश्वत मांगी गई थी।
जेल से बाहर आने के बाद दोबारा संभाला था पद
गिरफ्तारी के बाद डॉ. जांगड़ा को जेल भेज दिया गया था। हालांकि, सितंबर 2025 में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई थी। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने एक बार फिर नगरपालिका चेयरमैन का कार्यभार संभाल लिया था। लेकिन अब विभागीय जांच और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों को देखते हुए सरकार ने उन्हें पद से हटाने का कड़ा फैसला लिया है।