RTA से हटे अफसरों की पोस्टिंग के लिए जोड़-तोड़ शुरू

8/13/2017 9:05:20 AM

चंडीगढ़ (पांडेय):हरियाणा के आर.टी.ए. पद से मुक्त किए गए एच.सी.एस. अफसरों को अब नई पोस्टिंग देने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश के करीब 20 एच.सी.एस. अफसरों में नई पोस्टिंग को लेकर हलचल भी बढ़ गई है। अब हर अफसर अपने स्तर पर पोस्टिंग को लेकर जोड़-तोड़ करने में भी जुट गया है। 
सूत्रों की मानें तो नई पोस्टिंग में इन अफसरों का चरित्र सत्यापन भी करवाया जा रहा है कि कौन से अफसर ठीक हैं।

मसलन आर.टी.ए. रहने के दौरान किन अफसरों ने कमाई की है? इसका चिट्ठा तैयार किया जा रहा है। फिलहाल अगले 3 दिनों में इन अफसरों की नई पोस्टिंग की जा सकती है। हरियाणा के आर.टी.ए. दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार के कारण ही खट्टर सरकार को आर.टी.ए. का पद खत्म करने का फैसला लेना पड़ा। आर.टी.ए. दफ्तरों में भ्रष्टाचार की शिकायतों पर पिछले दिनों सी.एम. फ्लाइंग टीम ने एक साथ प्रदेश भर में छापामारी की थी। इस छापेमारी में टीम को कई अहम सुराग हाथ लगे थे, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही सरकार ने तुरंत प्रभाव से यह कदम उठा लिया। 

आर.टी.ए. का पद खत्म करते ही वहां तैनात एच.सी.एस. अफसरों को भी तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है। लिहाजा अब उन्हें अपनी नई पोस्टिंग का इंतजार है। खास बात यह है आर.टी.ए. पदों पर रहने वाले अधिकांश एच.सी.एस. अफसर मंत्री-विधायकों की सिफारिश पर लगे थे, ऐसे में अब इन्हें एस.डी.एम. सरीखे पदों पर लगाने के लिए जोड़-तोड़ शुरू हो गई है।