5 बड़े मामले सुलझाने वाले सीआईए वन इंचार्ज को पहले किया सम्मानित, अब कर दिया तबादला

12/21/2022 3:43:36 PM

कैथल(जयपाल): जिले के पांच बड़े मामले सुलझाने वाले कैथल सीआईए वन के जिस इंचार्ज वीरभान को पुलिस ने इनाम देकर सम्मानित किया था, आज उनका तबादला हिसार में कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि इनका तबादला राजनीतिक दबाव के चलते किया गया है। अपने 4 महीने के कार्यकाल में सीआईए वन के इंचार्ज वीरभान ने पांच बड़ी वारदातों को सुलझाया था, जो वारदातें पिछले कई सालों से पुलिस के लिए जी का जंजाल बनी हुई थी।

 

 

साधुओं के डेरों में लूट करने वालों को पंजाब से किया था गिरफ्तार

 

पंजाब व हरियाणा के दर्जनों जिलों में 35 से ज्यादा वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय डेरा लूट गिरोह के 8 आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार किया था, जो कैथल जिले में 6 साधुओं के डेरों को अपना शिकार बना चुके थे। वहीं दूसरे मामले में सीआईए इंचार्ज वीरभान ने लोगों को विदेश भेजने के नाम पर उन्हें कोलकाता में बंधक बनाकर उनके परिवार वालों से लाखों की फिरौती मांगने के वाले अंतर राज्य गिरोह के कुल 15 आरोपियों को मुंबई व कोलकाता से गिरफ्तार किया था। इस ऑपरेशन में अपनी जिंदगी की जंग हार चुके 10 नागरिकों को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाकर कैथल लाए थे। आरोपियों के चंगुल से छुड़ाए गए पीड़ितों में 8 युवक-युवतियां नेपाल के रहने वाले थे और दो भारत के अन्य राज्यों के युवक थे। इस बहादुरी भरे ऑपरेशन के लिए करनाल आईजी व एसपी कैथल ने वीरभान को सम्मानित भी किया गया था।

 

 

24 घंटे में गिरफ्तार किया था बच्ची की हत्या करने वाला दुष्कर्मी

 

कैथल जिले के गांव कुराड में 7 साल की नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म कर उसको जंगल में जिंदा जलाने के मामले में सीआईए इंचार्ज वीरभान ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया था। यही नहीं आरोपी को जल्दी सजा दिलवाने के लिए कुल 7 दिनों में उसके खिलाफ कोर्ट में चालान दे दिया था। इस मामले में कोर्ट में सुनवाई चल रही है।  

 

 

नकली पुलिस बनकर ठगी करने वाले आरोपी को किया था गिरफ्तार

 

पिछले 6 सालों से नकली STF पुलिस कर्मचारी बन लोगों से लाखों रुपयों की वसूली करने वाले जींद निवासी विक्रम उर्फ विक्की को भी सीआईए वन इंचार्ज ने ही गिरफ्तार किया था। यह आरोपी हरियाणा पंजाब तथा दिल्ली सहित कई राज्यों में ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुका था और नोटबंदी में भी कई व्यापारियों से लाखों रुपए की वसूली कर चुका था। एक अन्य मामले में सीआईए इंचार्ज वीरभान ने जिले में हुए 2 ब्लाइंड मर्डर केस को ट्रेस आउट करते हुए कुल चार आरोपियों को 24 घंटों में ही गिरफ्तार कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया था।

 

 

सीआईए इंचार्ज के तबादले का आदेश कैथल में बना चर्चा का विषय

 

इन पांच बड़े मामलों के अलावा भी सीआईए वन इंचार्ज वीरभान अपने 4 महीने का कार्यकाल में अवैध असलहों के कुल 14 मामलों में कार्रवाई करते हुए 22 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने का काम कर चुके हैं। माना जा रहा है कि कैथल सीआईए की शाखा के इतिहास में यह अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है। बताया जा रहा है की वीरभान की इन उपलब्धियों से नाखुश उनके विभाग के ही कुछ पुलिस कर्मचारियों ने राजनीतिक प्रभाव के चलते उनका ट्रांसफर कैथल से हिसार करवा दिया है। उनके तबादले को लेकर शहर में चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। हालांकि अब देखना होगा कि पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों के संज्ञान में वीरभान की यह बड़ी 5 उपलब्धियां आने के बाद उनके तबादले को लेकर क्या फैसला लिया जाता है।  

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

Gourav Chouhan