कलयुगी बेटे ने पिता को फावड़े से काटकर मार डाला

6/12/2018 1:28:29 PM

घरौंडा: घरौंडा की नई अनाज मंडी के पीछे हसनपुर रोड पर एक कलयुगी पुत्र ने अपने पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने युवक की मां की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बीते रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे 45 वर्षीय रणधीर शराब के नशे में अपने घर पहुंचा। किसी बात को लेकर वह अपनी पत्नी सरोज के साथ झगड़ा करने लगा। इस दौरान रणधीर के 18 साल के बेटे अभिषेक ने घर में पड़ा फावड़ा उठाया और अपने पिता के सिर में दे मारा। 

लहूलुहान अवस्था में उसे घरौंडा स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। जहां से उसे करनाल रैफर कर दिया। कल्पना चावला अस्पताल में डाक्टरों ने रणधीर को मृत घोषित कर दिया। मृतक रणधीर की पत्नी के बयान पर पुलिस ने अभिषेक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

Rakhi Yadav