काम्बोज ने श्याम सिंह पर फोड़ा हार का ठीकरा, कहा- टिकट कटने पर गद्दारी कर चुनाव हरवाया

10/29/2019 9:34:03 PM

रादौर(कुलदीप): भाजपा के 75 पार के नारे के असफल होने के बाद अब इसके कुछ कारण भी सामने आने लगे है, रादौर से भाजपा के विधायक रहे श्याम सिंह राणा के कुछ ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाने के बाद सियासत और गर्मा गई है। सोशल मीडिया पर वायरल इन ऑडियो में पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा पर आरोप है की रादौर से टिकट कटने के बाद उन्होंने चुनाव के दौरान पार्टी के उम्मीदवार रहे पूर्व राज्यमंत्री कर्णदेव काम्बोज की पूरी मुखालफत की। यहां तक की उन्होंने संगठन के कई कार्यकर्ताओं को चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार काम्बोज का प्रचार न करने के लिए भी कहा। 

भाजपा के पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा के इन ऑडियो वायरल के बाद रादौर से पार्टी के उम्मीदवार रहे और पूर्व राज्यमंत्री कर्णदेव काम्बोज ने भी अपनी हार का ठीकरा राणा पर फोड़ते हुए उन्हें गद्दार तक कह डाला।  उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता भाजपा को अपनी मां मानते है, लेकिन पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा ने अपनी माँ के साथ धोखा दिया है। 

उन्होंने कहा की पूरे चुनाव में राणा ने एक भी दिन उनके लिए प्रचार नहीं किया, उल्टा उनके विरोध में दिनरात लगे रहे। काम्बोज ने कहा की इस पुरे मामले को उन्होंने मुख्यमंत्री के अलावा पार्टी के संगठन के समक्ष रख दिया है। उन्होंने ये आश्वाशन दिया है की उन्हें पूरे मामले बारे जानकारी है और निश्चित तौर पर अनुशानात्मक कार्यवाही की जाएगी। 

वहीं जब इन ऑडियो की सच्चाई जानने के लिए रादौर के पूर्व विधायक रहे श्याम सिंह राणा से बात की तो उन्होंने पार्टी संगठन पर ही आरोप लगाते हुए कहा की संगठन ने सभी विधायकों को ये आश्वाशन दिया था की किसी का भी टिकट काटा नहीं जाएगा, बावजूद इसके संगठन ने सीट भी चेंज किया और बाहरी को टिकट दी। उन्होंने ऑडियो वायरल पर कहा कि जो बात ऑडियो में सुनाई जा रही है, वह किसी नहरी विभाग के अधिकारी से बातचीत के अंश है। लेकिन अब मुझे बदनाम करने के लिए इस ऑडियो को चुनाव की हार से इसे जोड़ा जा रहा है। जबकि उन्होंने प्रदेश में कई जगह पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया। श्याम सिंह राणा ने पूर्व राज्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा की चुनाव अपने कर्मो से जीता जाता है न की किसी को बदनाम करने से।  

खैर अपनों ने ही अपनों को हराया कारण चाहे कुछ भी रहे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी को रादौर की सीट से हाथ धोना पड़ा है। चुनावी मैदान में उतरे पूर्व राज्यमंत्री क र्णदेव काम्बोज सियासी दंगल में नहीं जीत पाए । अब पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा के वायरल ऑडियो के बाद कर्ण देव कांबोज अपनी हार का ठीकरा श्याम सिंह राणा पर फोड़ रहे है, लेकिन अब तो वही कहावत याद आ रही है कि अब पछताए होत क्या जब चिडिय़ा चुग गई खेत।  

Edited By

vinod kumar