बरोदा उपचुनाव: कपूर सिंह नरवाल हो सकते हैं कांग्रेस के प्रत्याशी: सूत्र

10/14/2020 10:52:34 PM

चंडीगढ़ (धरणी): बरोदा विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए राजनीतिक दलों में हलचल तेज हो गई है। चुनाव में किसे मैदान में उतारा जाए, इसको लेकर सभी दल बैठकें कर मंथन कर रहे हैं। इसी बीच सूत्रों के हवाले से एक बड़ी खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक बरोदा में डॉक्टर कपूर सिंह नरवाल कांग्रेस के प्रत्याशी हो सकते हैं। हालांकि अभी कांग्रेस के किसी भी नेता का इसको लेकर कोई बयान नहीं आया है।

बता दें कि बरोदा विधानसभा सीट पर 3 नबंवर को वोटिंग होगी और 10 नवंबर को इसके नतीजे घोषित किए जाएंगे, यानि दिवाली से ठीक 4 दिन पहले बरोदा को नया विधायक मिलेगा। गौरतलब है कि बरोदा विधानसभा सीट पर 2019 के आम चुनाव में कांग्रेस के श्रीकृष्ण हुड्डा ने लगातार तीसरी बार कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज कर हैट्रिक बनाई थी। श्रीकृष्ण हुड्डा से पहले इस सीट पर इनेलो का कब्जा था। 2019 में इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, भाजपा और जजपा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला था। हालांकि इस मुकाबले में श्रीकृष्ण हुड्डा ने भाजपा के योगेश्वर दत्त (ओलंपियन पहलवान) को 4840 मतों से हराया था। 

जजपा यहां तीसरे नंबर पर रही थी। बरोदा विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस व भाजपा दोनों के लिए साख बचाने की चुनौती है। भाजपा इस सीट पर गैर जाट कार्ड खेलेगी या फिर सरकार में अपनी सहयोगी जननायक जनता पार्टी के समन्वय से चुनाव लड़ेगी। वहीं सबसे बड़ा सवाल यह कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस सीट पर अपना जलवा बरकरार रख पाएंगे या नहीं।

vinod kumar