हार के  बाद भी नहीं पस्त हुए करण दलाल के हौंसले, भाजपा-जजपा सरकार को घेरा

11/24/2019 11:15:38 PM

पलवल (दिनेश): विधानसभा चुनाव में पलवल से ‌मिली करारी हार के बावजूद भी कांग्रेस नेता करन सिंह दलाल के हौसले अभी पस्त नहीं हुए हैं। इसका उदाहरण उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा नेताओं और प्रशासन को खुलेआम चुनौती देते हुए दिया। दलाल ने पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला का बिना नाम लिए कहा कि जिन मुख्यमंत्रियों के चलने से घास जल जाया करती थी, हमने ऐसे दलों और नेताओं के भी दिमाग ठीक किए हैं। हम इन भाजपा के नेताओं और अधिकारियों का जीना हराम कर देंगे।

दलाल भाजपा और जजपा की सरकार बनने से खासे ही परेशान दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि ये नापाक गठबंधन की सरकार ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है क्योंकि दोनों दलों की सोच अलग हैं, यदि यह सरकार जल्द नहीं गिरी तो हम इसे गिराने का काम करेंगे। कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि भाजपा के छुटभईया नेता आपसे भाजपा की सरकार बनने पर ज्यादा बोलें तो आप उनके नाम मुझे फोन पर नोट करवाएं, हम उनका इलाज करेंगे जो आपे से बाहर चल रहे हैं।
 

खुद को कहा शेर भाजपाईयों को बताया बकरी
करण दलाल ने अपने आप को शेर कहा तो भाजपा वालों को बकरी की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि शेरों और नाहरों को यदि बकरियां धमकायेंगी तो फिर कैसे काम चलेगा। उन्होंने भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि हरियाणा में सरकारें टूटती रहती हैं वो हमारे कार्यकर्ताओं को परेशान करना बंद कर दें और अपने आपे में रहें।

Shivam