बाबा राम रहीम पर पुलिस ने कसा शिकंजा, अब तक डेरा के 36 आश्रम सील

8/26/2017 11:41:24 AM

कुरुक्षेत्र/कैथल:दोषी करार होने के बाद जेल गए डेरा प्रमुख राम रहीम पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने कुरुक्षेत्र में 2 डेरे सील कर दिए हैं। साथ ही कैथल के हिसार चंडीगढ़ एन.एच् 65 पर स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम में सर्च अभियान चलाकर उसे सील कर दिया गया है और एस.एस.बी और पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। दूसरी ओर धर्मनगरी के मिर्जापुर और पिपली स्तिथ गुरमीत राम रहीम के डेरा चर्चा नाम घरों को प्रशासन ने एहतियात के तोर पर बंद किया। ताकि वहां लोग इकट्ठा होकर कोई रणनीति न बना सके। सूत्रों के अनुसार अब तक हरियाणा में कुल डेरा के 36 आश्रम सील किए गए हैं। 

उल्लेखनीय है कि पंचकूला और आसपास के इलाकों में हुई हिंसा में अब तक कम से कम 31 लोगों की जान जा चुकी है। पंचकूला के हिंसाग्रस्त इलाकों में धारा-144 लगाई गई है। पंजाब और हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने के चलते 445 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। अंबाला और चंडीगढ़ में सेना ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। अंबाला के लिए 01711904 और चंडीगढ़ के लिए 01721904 हेल्पलाइन नंबर है। फिलहाल, पंचकूला में सेना तैनात है और हिंसा की कोई खबर नहीं आ रही है।