घर के अंदर सड़ी हुई हालत में मिली महिला टीचर की डेडबॉडी, कुत्तों ने नोच रखा था शरीर

2/12/2020 4:24:40 PM

करनाल(के.सी. आर्य)- करनाल के सेक्टर-14 में बुधवार को एक रिटायर्ड महिला टीचर का शव सड़ी हुई हालत में मिला। शव को कुत्तों ने बुरी तरह नोच रखा था। टीचर घर में अकेली रहती थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार रिटायर्ड महिला टीचर चंचल शर्मा (90) सेक्टर-14 में बने मकान में रहती थी। बुधवार को पड़ोसियों को घर से बदबू आई तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब घर को खोला तो अंदर सड़ी हुई हालत में चंचल शर्मा का शव पड़ा था। 

पिछले काफी समय से रह रही थी करनाल में
बताया जा रहा है कि चंचल शर्मा का तलाक हो चुका है। चंचल शर्मा हरियाणा के शिक्षा विभाग से रिटायर्ड थी और अधिकतर नौकरी झज्जर जिले में की थी। पिछले काफी लंबे समय से करनाल में रह रही थी। सिविल लाइन थाना पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। कुत्तों ने शव को बुरी तरह नोच रखा था। घर के मेन गेट का दरवाजा अंदर से बंद था लेकिन कमरे का दरवाजा खुला था। पुलिस अब जांच कर रही है कि चंचल शर्मा की हत्या की गई या आकस्मिक मौत के बाद उसके शव को कुत्तों ने नोच डाला। पुलिस मृतका के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।


 

 

Isha