हाथ जोड़कर कटारिया ने किसानों को दी नसीहत, जानिए क्या कहा

3/21/2021 5:06:26 PM

अंबाला (अमन कपूर): कई बार किसानों के विरोध प्रदर्शन का शिकार हो चुके केंद्रीय राज्य मंत्री रतनलाल कटारिया रविवार को एक बार फिर अंबाला पहुंचे। यहां मीडिया से रूबरू हुए कटारिया ने एक बार फिर किसानों के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें बड़ी नसीहत दे डाली। कटारिया ने किसानों को कहा कि वह दिन याद करें जब गन्ने की पेमेंट के लिए कांग्रेस ने किसानों को घोड़ों के पैरों तले कुचलवाया था।

कटारिया ने कहा कि जब से वह मंत्री बने हैं तभी से किसान उनके पीछे पड़े हैं। किसानों को अब समझ जाना चाहिए और देशहित में फैसला लेना चाहिए। कटारिया ने कैमरों के सामने किसानों से हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा कि हम फसलों का दोगुना दाम देकर भी किसानों के आगे हाथ जोड़कर खड़े हैं।

 

देश में बोलने की आजादी मन की बात तक सिमित होने का ट्वीट कर राहुल गांधी ने केंद्र की सरकार पर निशाना साधा है। जिस पर रतनलाल कटारिया ने राहुल गांधी को फिल्मी और शायराना अंदाज में जवाब दिया। कटारिया ने कहा कि विपक्ष को अपनी दुकान चलानी है और जब तक ये हमें गालियां नहीं दे लेते तब तक इनकी दुकान नहीं चलती।

अंबाला शहर पहुंचे कटारिया ने अधोया-छप्पर सड़क पर बनने वाले रेलवे ओवर ब्रिज का शिलान्यास भी किया, जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े थे। इस शिलान्यास के बाद कटारिया ने जमकर मनोहर सरकार की तारीफ में कसीदे भी पढ़े। कटारिया ने कहा कि प्रदेश की मनोहर सरकार इन दिनों पूरे हरियाणा में समान विकास के लिए अग्रसर है।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

Content Writer

vinod kumar