के.बी.सी. के नाम पर ठगे 20 लाख 67 हजार 800 रुपए

7/24/2018 10:45:55 AM

यमुनानगर(ब्यूरो): बिलासपुर थाना क्षेत्र के गांव मियापुर वासी निर्मल सिंह से कौन बनेगा करोड़पति के नाम पर 20 लाख 67 हजार रुपए ठग लिए। घटना वर्ष 2013 सितम्बर से 2015 के बीच की है। बिलासपुर पुलिस ने रविवार शाम पीड़ित युवक की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया है। निर्मल सिंह ने बताया कि 4 सितम्बर 2013 में उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। 

व्यक्ति ने उसे बताया कि वह कौन बनेगा करोड़पति से बोल रहा है। आपका चयन कौन बनेगा करोड़पति के लिए हुआ है। आपसे मोबाइल पर ही कुछ सवाल पूछे जाएंगें। सही जवाब देने पर आपको जीती हुई राशि दी जाएगी। वह व्यक्ति की बातों में आ गया। उसने फोन पर ही उससे कुछ सवाल पूछे जिसका उसने सही उत्तर दे दिया। इसके बाद व्यक्ति ने उससे सवालों के जवाब में जीते गए  पैसे बैंक अकाऊंट में भेजने का आश्वासन दिया। कुछ दिन बाद फिर से व्यक्ति ने फोन किया। व्यक्ति ने उससे कहा कि उसने जो राशि जीती है। 

उसे यह राशि तब मिलेगी जब वह कंपनी के खाते में उक्त राशि का टैक्स जमा करवाएगा। उसने उसके कहने पर उनके दिए गए अकाऊंट नंबर में पैसे जमा करवा दिए। मगर इसके बाद भी उसके द्वारा जीती गई राशि उसे नहीं दी। इसी तरह सितम्बर 2013 से फरवरी 2015 तक उसके पास से 20 लाख 67 हजार 800 रुपए की राशि अपने खाते में डलवा ली। मगर उसके द्वारा जीती गई राशि उसे नहीं दी। जब मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया तो वह भी बंद मिले। परेशान होकर उसने घटना की सूचना बिलासपुर पुलिस को दी। पुलिस ने देर शाम मामले की जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। 


 

Rakhi Yadav