घोर लापरवाही! ऑक्सीजन सिलेंडर खोलने की चाबी रखकर भूला स्टाफ, मरीज की तड़प-तड़प कर मौत

4/28/2018 2:51:30 PM

यमुनानगर(सतीश): आक्सीजन सिलेंडर की चाबी लाने में हुई देरी से बुजुर्ग की जान चली गई। मामला ई.एस.आई. अस्पताल जगाधरी का है। मृतक के परिवार ने इसके लिए इलाज करने वाले डाक्टर, स्टाफ नर्स व फोर्थ क्लास को जिम्मेदार ठहराया है। मामले की सूचना विधानसभा अध्यक्ष व गुरु अर्जुन नगर चौकी को भी दी गई है। खबर लिखे जाने तक पुलिस अपनी जांच में जुटी थी। गुरु अर्जुन नगर निवासी रेखा (54) ने बताया कि उसका बेटा अनिल अंजू मेटल में पीतल का कार्य करता है।

इसी बेटे का ई.एस.आई. कार्ड बना हुआ है जिस पर उनका परिवार आश्रित है। बीते सोमवार को हर्निया के आप्रेशन के लिए वह अपने पति कमल वोहरा (62) को इलाज के लिए ई.एस.आई. जगाधरी ले आई। डाक्टर ने बुधवार को सर्जरी का समय दिया था। उस दिन इलाज करने वाला डाक्टर बीमार था। इसलिए गुरुवार की सुबह सर्जरी की गई। सर्जरी के कुछ देर बाद आक्सीजन न मिलने के कारण उसने दम तोड़ दिया। इधर सूचना पर गुरु अर्जुन नगर चौकी इंचार्ज पृथ्वी सिंह पहुंचे।  

मृतका की पत्नी रेखा ने बताया कि गुरुवार को डाक्टर डी.पी. सिंह ने उनके पति की सर्जरी की। इसके बाद उन्हें मेल वार्ड के 4 नम्बर बैड पर शिफ्ट कर दिया गया। शिफ्टिंग के दौरान ई.एस.आई. की व्हील चेयर को ले जाने के लिए न तो कोई सहायक मिला और न ही चतुर्थ क्लास कर्मी। पड़ोस में रहने वाले गुरदीप सिंह ने उनके पति को वार्ड में शिफ्ट किया। इस दौरान उन्हें सांस की तकलीफ हुई। आरोप है कि डाक्टर समय से नहीं पहुंचा। उन्हें बताया गया कि उनके पति को आक्सीजन की जरूरत है। सिलेंडर तो आ गया लेकिन इसे ऑन करने की चाबी करीब 10 मिनट तक नहीं लाई गई। इसी दौरान उनके पति ने दम तोड़ दिया। उन्होंने चाबी न लाने के लिए स्टाफ नर्स व चतुर्थ क्लास कर्मी को जिम्मेदार ठहराया। 

चाबी का मुझे नहीं पता : डा. डी.पी. सिंह
मृतक को इलाज देने वाले डाक्टर डी.पी. सिंह ने कहा कि मरीज की सर्जरी अच्छी हुई थी। वह ठीक ठाक था। जब उन्हें आपातकालीन की काल आई तो उन्होंने इलाज भी दिया। आक्सीजन वाले सिलेंडर की चाबी में देरी हुई इसका उन्हें नहीं पता। 

चाबी देना फोर्थ क्लास की जिम्मेदारी : मीनाक्षी
मेल वार्ड में मौजूद एवं मौत के समय तैनात वार्ड की स्टाफ नर्स मीनाक्षी ने कहा कि उनका काम फ्लयूड देना होता है या फिर आपातकालीन की सूचना देना। चाबी देने की जिम्मेदारी फोर्थ क्लास कर्मी की होती है। गुरुवार को वीना की ड्यूटी थी।

लापरवाही के आरोप : पृथ्वी सिंह
मौके पर पहुंचे गुरु अर्जुन नगर चौकी इंचार्ज पृथ्वी सिंह ने बताया कि मृतक के परिवार ने ई.एस.आई. स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। शिकायत मिल गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगामी कार्रवाई होगी। 

जांच करवाएंगे : डा. अनुराधा
ई.एस.आई. की एम.एस. डाक्टर अनुराधा ने कहा कि चाबी देने में देरी हुई। इस बारे जांच करवाई जाएगी। चाबी देने की जिम्मेदारी स्टाफ नर्स की होती है वार्ड से संबंधित सभी स्टाफ व आस पास के दाखिल मरीजों को जांच में शामिल किया जाएगा। हमारे पास सी.सी.टी.वी. फुटेज है इससे भी जांच में काफी मदद मिलेगी। 

Deepak Paul