केजरीवाल ने दिल्ली की जनता का तोड़ा भरोसा : मनोहर लाल

2/7/2020 9:40:44 AM

चड़ीगढ (बसंल) : मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान के अंतिम दिन वीरवार को विभिन्न चुनावी सभाओं को संबोधित करने के साथ-साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्वाचन क्षेत्र नई दिल्ली में रोड शो किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने न केवल दिल्ली की जनता का विश्वास तोड़ा है बल्कि अहंकार के वशीभूत अपने विश्वस्त साथियों को भी छला है।

अब ऐसे दोहरे चरित्र वाली सरकार से बदला लेने का उपयुक्त समय है और लोगों को यह मौका चूकना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली को बचाना है तो निश्चित रूप से केजरीवाल को सत्ता से हटाना ही होगा तभी दिल्ली सुरक्षित और विकसित होगी। केजरीवाल पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री खट्टर ने यह भी कहा कि दिल्ली के लोगों को केजरीवाल का घमंड तोड़ते हुए भाजपा से नाता से जोडऩा होगा। 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केजरीवाल द्वारा प्रधानमंत्री से लेकर गृहमंत्री को गाली दिए जाने की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसा करके केजरीवाल उनको नहीं बल्कि उनके द्वारा जनता की भलाई के लिए किए गए कामों को गाली दे रहे हैं। उन्होंने हरियाणा के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि हरियाणा में हमने 5 वर्षों में जितना विकास किया है वह अपने आप में एक मिसाल है और दूसरे प्रदेश ने भी हरियाणा की कई नीतियों को अपनाने की पहल की है,मगर दिल्ली में ठीक इसके विपरीत हुआ है। 

केजरीवाल ने सिवाय झूठ बोलने के कुछ नहीं किया। कभी बिजली के नाम पर,कभी स्वास्थ्य के नाम पर तो कभी किसी और मुद्दे पर झूठ बोलकर लोगों को गुमराह किया है। इसके साथ ही उन्होंने नीति आयोग की रिपोर्ट के हवाले से शिक्षा के मामले में दिल्ली को हरियाणा की तुलना में काफी पीछे बताते हुए कहा कि केवल कुछ स्कूल बनवाने और कुछ स्कूलों में कमरे बनवाने से दिल्ली का काम नहीं चलने वाला।

बढ़ती हुई जनसंख्या के मद्देनजर दिल्ली में 5000 स्कूल चाहिए जबकी केजरीवाल ने मात्र 28 स्कूल बनवाकर खानापूर्ति करके केवल वाहवाही लूटने का प्रयास कर रहे हैं।  उन्होंने कहा कि हमको इस सरकार को बदलकर दिल्ली को सुरक्षित हाथों में सौंपना है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,अमित शाह और दिल्ली के भाजपा नेताओं के हाथों में दिल्ली सुरक्षित होगी।  

Isha