31 मार्च को 200 किलोमीटर का रोड शो करेंगे केजरीवाल, पैतृक घर भी जाएंगे

3/29/2018 7:37:58 PM

रोहतक(दीपक भारद्वाज):  हिसार की आप रैली में पैसे को लेकर जुटाई भीड़ के विडियों को झूठा बताते हुए आप पार्टी प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने नया विडियो जारी किया है। जिसमें उस व्यक्ति का विडियो है। जिसने पैसे ना मिलने की बात कही थी। इस विडियो में वहीं व्यक्ति कह रहा है कि कुछ लोगों ने उनसे पुछा था कि वे पैसे लेकर आए हैं क्या, हमने मना कर दिया था। लेकिन उसने कहा कि मेरे अफसर आ रहे हैं और तुम पैसे लेने की बात कह देना मेरी नौकरी बच जाएगी। हम तो केजरीवाल के समर्थन में रैली में गए थे।

रोहतक के मैना पर्यटन केंद्र में जयहिंद ने एक पत्रकार वार्ता की और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर पर भी निशाना साधा। साथ ही उन्होंने कहा कि 31 मार्च को रैली की सफलता पर केजरीवाल रोड़ शो कर प्रदेश की जनता का धन्यवाद करेंगे। जयहिंद ने कहा कि रैली के बाद जो विडियो सामने आया था उसकी सच्चाई सामने आ गई है। भाजपा ने यह सारा षडयंत्र रचा था। क्योंकि विडियो में बोलने वाले व्यक्ति ने अपने आप ही पूरी सच्चाई बता दी है। साथ ही नवीन ने कहा कि अशोक तंवर जिस तरह से अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगा रहे हैं, उससे यह जाहिर हो गया है कि रैली की सफलता से वे बोखला गए हैं। 

उन्होंने कहा कि तंवर को केजरीवाल की चिंता छोड़ अपनी कुर्सी व भूपेंद्र सिंह हुड्डा की चिंता करनी चाहिए। आप पार्टी का इतिहास रहा है कि भाजपा व कांग्रेस का सफाया उन्होंने किया है और अब हरियाणा की बारी है। साथ ही उन्होंने कहा कि रैली कि सफलता से जहां कार्यकर्ताओं में विश्वास बढा है। वहीं प्रदेश की जनता का धन्यवाद करने के लिए 31 मार्च को अरविंद केजरीवाल रोड़ शो कर रहे हैं। जो दिल्ली के टीकरी बार्डर से शुरू होकर उनके पैतृक गांव सिवानी मंडी तक जाएंगे। 
 

Punjab Kesari