पत्नी व साली पर मिट्टी का तेल डाल कर जलाया, लोगों ने रोका तो खुद को लगाई आग

2/23/2021 5:21:42 PM

यमुनानगर (सुमित): हरियाणा के जिला यमुनानगर में एक नशेड़ी पति ने अपनी ही पत्नी और साली पर मिट्टी का तेल डालकर जला दिया। वहीं बचाव करने पहुंचे लोगों के रोकने पर पति ने खुद को भी आग लगा ली। आरोपी पति नशे में अपने ससुराल आया था और उसने शाम के समय परिजनों को धमकी भी दी थी कि वह अपनी पत्नी को जलाकर मार देगा, लेकिन किसी ने उसकी बातों पर यकीन नहीं किया और देर रात उसने वारदात को अंजाम दे दिया।

जानकारी के मुताबिक, घटना गांधी नगर एरिया के शिवपुरी बी कॉलोनी की है। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के रहने वाले व 32 वर्षीय रविंद्र कुमार की शादी शिवपुरी बी कॉलोनी निवासी लक्ष्मी के साथ हुई थी। करीब दो माह पहले दंपती के बीच विवाद हो गया था। इसकी शिकायत भी थाने में दी गई थी। इसके बाद से ही लक्ष्मी अपने मायके में रह रही थी। कल शाम 5 बजे रविंद्र ससुराल में आया और पत्नी व ससुराल वालों को धमकी दी कि वह खुद को आग लगा लेगा और लक्ष्मी को भी जला देगा, लेकिन उसके नशे में होने की वजह से किसी ने उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया और उसे यहां से भगा दिया।

अल सुबह रविन्द्र दीवार फांदकर घर में घुसा और मिट्टी का तेल डाल कर अपनी पत्नी और साली को आग लगा दी। उसके बाद खुद को आग लगा ली। वही युवक की सास संजेश ने बताया कि काफी समय से बेटी के साथ दामाद का विवाद चल रहा है। वह नशा करता है और उनकी बेटी के साथ मारपीट भी करता है। रात काफी देर तक हंगामा करता रहा। 

एसएचओ गांधीनगर जसबीर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी लक्ष्मी देवी और सीमा दो बहने सिविल हॉस्पिटल में दाखिल हैं। आग में झुलसी लक्ष्मी ने बताया कि हम एक कमरे में सोए हुए थे वहां पर अचानक उसका पति रविंदर दीवार फांद कर रात ढाई बजे के करीब आया और उसने एक डंडे पर कपड़ा बांध मिट्टी का तेल डाल कर आग लगा दी, जिससे दोनों महिलाएं झुलस गई। बेडरूम जल गया। एसएचओ ने बताया कि बयान के आधार पर आरोपी रविन्द्र के खिलाफ धारा 436, 307 और 309 क तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

Shivam