खाकी हुई दागदार, शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला ने होमगार्ड पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, आरोपी काबू

2/22/2022 10:21:53 AM

करनाल : करनाल के घरौंडा थाने में खाकी दागदार हुई है। खाकी पर कलंक लगाने वाला कोई ओर नहीं बल्कि थाने का ही एक होमगार्ड है। शिकायत लेकर पहुंची महिला ने होमगार्ड पर उसके साथ दुष्कर्म करने का संगीन आरोप लगाया है। दुष्कर्म के बाद आरोपी भाग गया, लेकिन उसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने डीएसपी को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। डीएसपी ने महिला को मेडिकल के करनाल भेज दिया है। जिसके बाद महिला का मेडिकल भी हो गया है। पुलिस ने आरोपी होमगार्ड के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

दरअसल, घरौंडा थाना क्षेत्र के गांव में रहने वाली महिला को एक व्यक्ति लगातार फोन पर परेशान कर रहा था। जिसकी शिकायत लेकर वह सोमवार को घरौंडा थाने में पहुंची थी। पुलिस स्टेशन के बाहर उसे एक युवक मिला और उसने खुद को थाने का मुलाजिम बताया। पीड़िता ने युवक को बताया कि उसे एक व्यक्ति फोन पर लगातार परेशान करता आ रहा है, जिसकी रिकॉर्डिंग उसके पास है। युवक ने महिला को कहा कि उसके साथ कमरे में चल, वहां रिकॉर्डिंग आराम से सुनूंगा। जिसके बाद वह उसे थाने की बिल्डिंग में ही क्वाटर के कमरे में ले गया।

पीड़िता का आरोप है कि कमरे के अंदर घुसते ही आरोपी युवक ने दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद आरोपी युवक मौके से भाग गया। पीड़िता थाने में आई और उसने पुलिसकर्मियों को अपनी आपबीती बताई, लेकिन थाने में कोई महिला पुलिसकर्मी ना होने की वजह से वह डीएसपी कार्यालय पहुंच गई। वहीं घटना के कुछ घण्टों के बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)




 

Content Writer

Manisha rana