लोगों के ‘जी का जंजाल’ बनी देश की राजधानी को जाने वाली ‘खटारा’ सड़क (VIDEO)

1/25/2019 5:34:33 PM

रेवाड़ी (महेंद्र भारती): रेवाड़ी के दिल्ली गेट से होकर दिल्ली जाने वाली पुरानी सड़क ने लोगों की परेशानी को बढ़ा रखी है। प्रशासन की लापरवाही के कारण शहर का यह मुख्यमार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार एक समय था जब इस मार्ग पर बने दिल्ली गेट की सुरक्षा के लिहाज से रात के वक्त बंद कर दिया जाता था ताकि कोई बाहरी व्यक्ति नगर में प्रवेश ना कर सके। लेकिन अब इस सड़क पर ना कोई सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम है और ना सड़क निर्माण करवाया जा रहा। जिसके चलते लोगों परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



जानकारी के मुताबिक यह रास्ता पर करीब 10 स्कूलों और नागरिक अस्पताल जुड़ा हुआ है। जहां से रोजाना हजारों स्कूली बच्चों और मरीजों को गुजरना होता है। एक महीने पहले पुन निर्माण के लिए तोड़ी गई यह सड़क अब लोगों के जी का जंजाल बन गई है। सड़क के जर्जर हाल में होने से यहां हर दिन कोई हादसा होना स्वभाविक है। लेकिन प्रशासन के अधिकारियों की कुंभकर्णी नींद टूटने का नाम ही नहीं ले रही है।



लोगों की मानें तो इस सड़क का निर्माण पिछले 20 वर्षों से नहीं हुआ था जिसके कारण यहां गहरे गड्ढे बन गए थे। जिनमें पानी भरा रहता था। लोगों की लाख कोशिशों के बाद प्रशासन ने सड़क को बनाने का निर्णय लिया, जिसके लिए सड़क को एक माह पहले निर्माण के लिए तोड़ा जरुर गया। लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।



रेवाड़ी एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि मीडिया के माध्यम से यह मामला उनके संज्ञान में आया है। सड़क का बजट अधिक होने के कारण रिवाइज होने में समय लग रहा है। जिसके चलते सड़क निर्माण का कार्य अधर में अटका पड़ा है। वहीं उन्होंने बताया कि आने वाले 10 दिन में सड़क को बनवाने का काम शुरू किया जाएगा और यह काम जल्द पूरा किया जाएगा।

Deepak Paul