प्रदेश पर बढ़ते ऋण को लेकर खट्टर और हुड्डा आमने-सामने

3/3/2020 10:53:06 AM

चंडीगढ़ : हरियाणा पर बढ़ते ऋण को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा आमने-सामने हो गए। कांग्रेस विधायक डा. रघुबीर सिंह कादियान जब प्रदेश पर बढ़ते ऋण को लेकर चिंता जता रहे थे तब मुख्यमंत्री ने टोकते हुए कहा कि तथ्य ठीक नहीं है, कुल ऋण में से उदय योजना के तहत बिजली निगमों के ऋण को लेने की राशि बीच में हटाकर बताओ तो ऐतराज नहीं है। उन्होंने कहा कि बिजली निगमों का 27000 करोड़ का कर्ज सरकार ने ले लिया जिसके चलते हर मद पर फर्क पड़ा। 

इस पर हुड्डा ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि सरकार क्या यह कर्ज वापस नहीं लेगी, यह बात तथ्यात्मक नहीं है। खट्टर ने कहा कि बिल्कुल तथ्यात्मक है, किसी भी पी.एस.यू. का अपने ऊपर लिया कर्ज सरकार वापस नहीं लेती। वर्ष 2002 में जब ऐसे ही बिजली विभाग का कर्ज सरकार ने अपने ऊपर ले लिया था। हुड्डा ने कहा कि फिर किसी ओर स्कीम के तहत सरकार ऐसे ही किसी ओर पी.एस.यू. कर्ज ले लेगी और राशि बढ़ती चली जाएगी।

बेरी से विधायक कादियान ने कहा कि हरियाणा के सिर पर वर्ष 2014-15 तक सिर्फ 98 हजार करोड़ का कर्ज था, जबकि 6 साल में एक लाख 98 हजार करोड़ पर पहुंच गया। प्रदेश सरकार ने यह एक लाख करोड़ का कर्ज कहां खर्च किया, इस पर श्वेत पत्र लाया जाए।इसी दौरान रघुबीर कादियान ने कहा कि लोकतंत्र जनता का, जनता के लिए और जनता द्वारा होता है, लेकिन मौजूदा सरकार ने आर.एस.एस. का, आर.एस.एस. के लिए, आर.एस.एस. द्वारा बना दिया है। इस पर कांग्रेस और भाजपा सदस्यों के बीच जमकर विवाद हुआ। 

अम्बाला शहर के विधायक असीम गोयल ने कहा कि इटली से संचालित हो रहे कांग्रेसी देश को शाहीन बाग बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सत्तापक्ष ने कांग्रेस पर देश को बांटने के आरोप जड़े। शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा एक हरियाणवी एक की विचारधारा आर.एस.एस. की है। कादियान ने कहा कि हर आदमी डरा हुआ है और केंद्रीय एजैंसियों सी.बी.आई., ई.डी., इनकम टैक्स, एन.आई.ए. का दुरुपयोग हो रहा है जिस पर फिर विवाद शुरू हो गया।

भाजपा बैंचों की तरफ से कहा गया कि पाकिस्तान किसने बनाया। इसी बीच मंत्री मूलचंद शर्मा द्वारा आफताब अहमद की तरफ इशारा कर मेवात को लेकर कुछ शब्द कहने पर कांग्रेसी काफी गर्म तेवरों में नजर आए जिसे स्पीकर ने शांत करने का प्रयास किया। कांग्रेस विधायक मो. इलियास ने कहा कि लोगों को बांटने का काम भाजपा ने किया।

Isha