चक्रवात ओखी : खट्टर ने प्रधानमंत्री राहत कोष में दान किए दो करोड़

12/4/2017 6:56:29 PM

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने चक्रवात ओखी के पीड़ितों को राहत प्रदान करने के लिये मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रधानमंत्री राहत कोष में आज दो करोड़ रूपए दिए हैं। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया चक्रवात पीड़ितों को तत्काल राहत प्रदान करने के लिये सहायता प्रदान की गई है। 



बता दें कि, बांग्ला में ‘ओखी’ का मतलब आंख होता है। इस चक्रवातीय तूफान ने केरल और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में तबाही मचाई है। केरल में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम 19 लोगों की मौत हुई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि चक्रवात से प्रभावित खुले सागर :हाई सी: और तटीय क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान चल रहा है। केरल तट से दूर समुद्र में फंसे 600 से अधिक मछुआरों को बचाया गया है। नौसैनिक जहाज, हेलिकॉप्टरों, तटरक्षक जहाजों और वायु सेना के विमानों को राहत एवं बचाव अभियानों में लगाया गया है और तकरीबन 100 गुमशुदा मछुआरों का पता लगाने के लिये प्रयास चल रहे हैं।