अब पार्टी के राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सक्रिय हुए खट्टर

2/8/2019 11:38:17 AM

चंडीगढ़(पांडेय): मिशन-2019 को सफल बनाने के लिए भाजपा जोर-शोर से तैयारियों में जुटी है। हरियाणा में जहां 12 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुरुक्षेत्र में स्वच्छ शक्ति-2019 सम्मेलन के जरिए महिलाओं को सम्बोधित करेंगे, वहीं देशभर के अलग-अलग क्षेत्रों में पार्टी के बड़े नेताओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बार हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी दूसरे राज्यों में शक्ति केंद्र सम्मेलनों और संकल्प यात्राओं में शामिल हो रहे हंै। माना जा रहा है कि इन कार्यक्रमों से अब मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का कद भी राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ गया है। 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज राजस्थान के जोधपुर में शक्ति केंंद्र प्रमुखों को सम्बोधित कर पार्टी कार्यकत्र्ताओं में लोकसभा चुनाव का जोश भरा। इससे पहले 5 फरवरी को वह झारखंड के रांची के कार्यक्रम में शामिल हुए थे।हरियाणा में 5 नगर निगमों और जींद उपचुनाव में भाजपा की भारी जीत के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का कद पार्टी हाईकमान में एकाएक बढ़ा है। राजनीतिक पंडितोंं की मानें तो अब हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में ही लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन स्तर पर भी मनोहर लाल खट्टर को दूसरे राज्यों के कार्यक्रमों में भेजने की योजना बनाई गई है। 

हालांकि इन कार्यक्रमों के लिए देशभर के सभी भाजपा शासित मुख्यमंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है लेकिन पिछले 4 सालों में पहली बार मुख्यमंत्री मनोहर लाल खुद भी फ्रंट फुट पर नजर आ रहे हैं। तय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री शुक्रवार को गुजरात के अहमदाबाद जाएंगे। वहां पार्टी के कार्यक्रमों के अलावा मैगा फूड पार्क को लेकर मीटिंग रखी गई है।
 बताया गया कि इस दौरे में मुख्यमंत्री सामाजिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और उनका रात्रि प्रवास भी अहमदाबाद में होगा।


जोधपुर में खट्टर ने कार्यकत्र्ताओं में भरा जोश 
देशभर में भाजपा के शक्ति केंद्र सम्मेलनों की कड़ी में वीरवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राजस्थान के जोधपुर में शक्ति केंद्र सम्मेलन को सम्बोधित किया। यहां खट्टर ने भाजपा कार्यकत्र्ताओं को मिशन-2019 की तैयारियों में जुटने और विपक्षी दलों को जवाब देने के टिप्स दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों के आगे विपक्षी बौने हो गए हैं और देशभर में मोदी के विकास कार्यों की चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चुनावों की तरह इस बार भी देशभर से कांग्रेस का सफाया हो जाएगा।

Deepak Paul