हरियाणा के इतिहास में सबसे कमजोर है खट्टर सरकार: हरमिंद्र सिंह चा

3/2/2018 8:59:24 AM

कुरुक्षेत्र(ब्यूरो) : हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री और विधानसभा स्पीकर रह चुके कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरमिंद्र सिंह चा ने खट्टर सरकार को हरियाणा के इतिहास की सबसे कमजोर सरकार करार दिया है। पंजाब केसरी से खास बातचीत में चा ने कहा कि भाजपा के राज में प्रदेश में विकास ठप होकर रह गया है। 

भाजपा हुड्डा कार्यकाल के दौरान हुए कामों का क्रैडिट लेने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सरकार चला पाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। उन्हें पैराशूट के जरिए हरियाणा में लाया गया। उन्हें सरकार चलाने का कोई तजुर्बा नहीं है जिसके कारण प्रदेश विकास के पैमाने पर पिछड़ता जा रहा है। 

चा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने कहा कि इतना कमजोर और इतना झूठ बोलने वाला राज हमने पहले कभी नहीं देखा। उधर रेप जैसी घिनौनी घटना पर चिंता जताते हुए चा ने दोषियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है, हालांकि चा ने दोषियों को फांसी दिए जाने के कानून का विरोध भी किया है। 

वहीं कहा कि बच्चियों से रेप के दोषियों को फांसी नहीं दी जानी चाहिए बल्कि उन्हें सख्त सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में प्रशासन अहम भूमिका निभाते हुए सख्ती से मामले का निपटारा करें। इनैलो पर हमला बोलते हुए चा ने कहा कि इनैलो विधानसभा में विपक्ष की भूमिका निभा पाने में फेल रही है। एस.वाई.एल. को लेकर भी इनैलो ड्रामा कर रही है।