युवाओं के सपनों को खट्टर सरकार ने सरेराह बेचा, उन्हें इसकी सजा मिलेगी: सुरजेवाला

4/12/2018 12:22:23 PM

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (एच.एस.एस.सी.) में नौकरियों को लेकर हो रहे बड़े फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद प्रदेश की खट्टर सरकार विरोधियों के निशाने पर है। 2 से 10 लाख रुपए में बिक रही नौकरियों के इस खेल के खुलासे के बाद विरोधी पूरे कमीशन को भंग करने की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और कैथल से विधायक रणदीप सुरजेवाला के राडार पर सीधे मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर हैं। पेश हैं उनके साथ हुए इंटरव्यू के मुख्य अंश। 

प्र: भर्ती घोटाले के लिए कांग्रेस किसे दोषी मानती है? 
उत्तर: इस पर सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन में हुआ भर्ती घोटाला प्रदेश के इतिहास का सबसे बड़ा घोटाला है। कमीशन के जरिए सरकार ने नौजवानों के भविष्य और उनके सपने को मंडी में बोली लगाकर बेचा है। इस महाघोटाले के लिए सीधे-सीधे प्रदेश की खट्टर सरकार जिम्मेदार है। मुख्यमंत्री की शह पर ही यह सारा खेल खेला जा रहा था। कांग्रेस की मांग है कि कमीशन के सदस्यों और बड़े अधिकारियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। 

प्र: चुनावों के लिए क्या कांग्रेस के पास अपना कोई एजैंडा है या फिर भाजपा की खामियों पर ही चुनाव लड़े जाएंगे?
उत्तर: उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा ही अपने विजन पर काम करती आई है। हरियाणा की जनता भाजपा को प्रदेश की सत्ता से चलता करने के लिए लालायित है। झूठे सपने दिखाकर जिस तरह भाजपा ने सत्ता हासिल की थी ठीक उसी तरह आगामी चुनाव में जनता उसे प्रदेश की सत्ता से उखाड़ फैंकेगी। चुनाव किन मुद्दों पर लड़ा जाएगा यह प्रदेश की बहादुर जनता तय करेगी। जनता के निर्णय के आगे कांग्रेस हमेशा से ही नतमस्तक रही है। 

प्र: हरियाणा में कांग्रेस का सी.एम. फेस कौन होगा? 
उत्तर: सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अनेक प्रांतों में एक से अधिक चेहरों के आधार पर चुनाव लड़ती है। राजनीति में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस एक व्यवस्थापूर्ण बदलाव चाहती है। चेहरा ‘ए’ हो या ‘बी’ कोई फर्क नहीं पड़ता। जनता के प्रति जवाबदेही ज्यादा मायने रखती है। पार्टी के हर कार्यकर्ता को अध्यक्ष राहुल गांधी का आशीर्वाद प्राप्त है। जो राहुल और पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा वह सबको मंजूर होगा। 

प्र: एस.वाई.एल. के मुद्दे पर आप पंजाब के साथ हैं या फिर हरियाणा के?
उत्तर: पंजाब के लोग पाकिस्तानी, उग्रवादी और अछूत नहीं हैं। पंजाब हरियाणा का बड़ा भाई है। पंजाब को उसके हक का पानी मिलना चाहिए और हरियाणा को उसके हक का। एक हरियाणवी होने के नाते मैं हरियाणा के अधिकारों का रक्षक हूं और मरते दम तक रहूंगा। एस.वाई.एल. को लेकर राजनीति नहीं करनी चाहिए लेकिन जनता जानना चाहती है कि नहर बनाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद मोदी और खट्टर चुप क्यों हैं। 

प्र: खट्टर सरकार के साढ़े 3 साल के कार्यकाल को 10 में से कितने नंबर देंगे?
उत्तर: खट्टर सरकार ने हरियाणा को इन वर्षों में 1 लाख करोड़ से भी अधिक का कर्जदार कर दिया है। 3 साल में 4 बार हरियाणा जलवाया गया है। भाईचारा नष्ट किया गया है। युवाओं की नौकरियां बेची जा रही हैं। किसानों को आत्महत्या की ड्योढ़ी तक पहुंचा दिया गया है। हर वर्ग त्राहि-त्राहि कर रहा है। ऐसे में इस सरकार को जीरो से भी कम नंबर मिलने चाहिएं। 

प्र: आगामी चुनाव कांग्रेस अकेली लड़ेगी या किसी दल से गठबंधन करेगी? 
उत्तर: कांग्रेस पार्टी अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी। हमारा समझौता केवल हरियाणा की अढ़ाई करोड़ जनता से है। हम किसी दल से कोई समझौता नहीं करेंगे।

प्र: कांग्रेस में मुस्लिम चेहरे हाशिए पर क्यों धकेले जा रहे हैं? 
उत्तर: कांग्रेस जाति व धर्म के आधार पर किसी को नहीं देखती। ‘फूट डालो-राज करो’ की राजनीति मोदी और अमित शाह करते हैं। राज्यसभा में गुलाम नबी आजाद विपक्ष के नेता हैं। लोकसभा में मल्लिकार्जुन खडग़े दलित नेता हैं। अल्पसंख्यक हों या गैर-अल्पसंख्यक, जो जनता की पीड़ा समझते हैं राहुल गांधी उनके साथ हैं।

प्र: कर्नाटक में लिंगायत समुदाय ने कांग्रेस का समर्थन किया है। क्या यह जातीय राजनीति के संकेत नहीं हैं? 
उत्तर: बिल्कुल नहीं, देश में जैन समुदाय 3 से 4 प्रतिशत है। वे अल्पसंख्यक वर्ग में खुद को शामिल करवाना चाहते थे। जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तो उन्होंने सोनिया गांधी के कहने पर उन्हें अल्पसंख्यक का दर्जा दिया तब भाजपा ने विरोध किया था। ङ्क्षलगायत समुदाय का पहले दिन से प्रयास अल्पसंख्यक वर्ग में शामिल होने का था। ऐतिहासिक तथ्यों, साक्ष्यों के आधार पर उन्हें अल्पसंख्यक का दर्जा मिला। भाजपा, अमित शाह व येद्दियुरप्पा यह बताएं कि वे लोग ङ्क्षलगायत समुदाय को अल्पसंख्यक वर्ग का दर्जा देने के हक में हैं या नहीं। 

प्र: हरियाणा में अगला मुकाबला आप किससे मानते हैं?
उत्तर: हमारा मुकाबला केवल फूट डालो-राज करो वाली भाजपा से है। मैं दावा करता हूं कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा 2 अंकों का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी। 

प्र: हरियाणा कांग्रेस की राजनीति पर शीर्ष नेतृत्व खामोश क्यों है? 
उत्तर: इस पर सुरजेवाला ने कहा कि कभी-कभी हमारे रास्ते अलग-अलग होते हैं, पर मंजिल एक ही होती है। हरियाणा के लोगों की आवाज उठाना, खट्टर सरकार को चलता करना सभी का मकसद है। हमारा निशाना अर्जुन की तरह मछली की आंख है। 

प्र: सपा व बसपा से अगर राष्ट्रीय स्तर पर कोई गठबंधन होता है तो क्या वह हरियाणा में भी लागू होगा?
उत्तर: समाजवादी पार्टी का हरियाणा में कोई भी आधार नहीं है। बसपा का आधार भी न के बराबर ही है। इनसे पहले यू.पी. का निर्णय हो जाए फिर हरियाणा की बात प्रासंगिक है।

कांग्रेस पार्टी के बिना देश में कोई गठबंधन नहीं हो सकता: सुरजेवाला
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुर्जेवाला ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए तैयार हो रहे तीसरे मोर्चे को कांग्रेस के बिना अधूरा बताया है। रणदीप ने कहा कि कांग्रेस के बिना कोई गठबंधन संभव नहीं है। भाजपा का मुकाबला करने के लिए सभी दलों को कांग्रेस के झंडे के नीचे कंधे से कंधा मिलाकर चलना होगा। कश्मीर से कन्याकुमारी गुजरात से त्रिपुरा तक कोई भी गठबंधन कांग्रेस को अलग रखकर न ही बन सकता है और न ही चल सकता है। हम सब ऐसे दलों को जिनके वैचारिक मतभेद हैं, राष्ट्रहित में उनसे बात करने को तैयार हैं। राहुल सरल स्वभाव, उदार हृदय व सबको साथ लेकर चलने में यकीन रखते हैं।

Deepak Paul