बायोगैस प्रोजैक्ट के लिए खिजरपुरा का चयन, 80.32 लाख का बजट होगा खर्च

6/21/2019 12:01:15 PM

कुरुक्षेत्र : ग्रामीणों को बायोगैस प्रोजैक्ट से रसोई गैस मुहैया करवाने की योजना तैयार की है। इसके तहत थानेसर खंड के गांव खिजरपुरा को चयनित किया है। इस गांव की पंचायत ने इस प्रोजैक्ट के लिए तमाम सुविधाएं उपलब्ध करवाने का आश्वासन प्रशासन को दिया है। 

इस प्रोजैक्ट पर 80.32 लाख की राशि खर्च की जाएगी। डी.सी. डा. एस.एस. फुलिया ने अधिकारियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि एन.डी.आर.आई. करनाल में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री उमा भारती द्वारा 30 अप्रैल, 2018 को गोवर्धन स्कीम को लांच किया था। इस स्कीम में पायलट प्रोजैक्ट के तहत प्रत्येक जिले में गैस प्लांट लगाने की घोषणा की थी। जिला कुरुक्षेत्र में खिजरपुरा को बायोगैस के लिए उपयुक्त गांव माना है इसलिए पायलट योजना के तहत यहां गैस प्लांट लगाने का निर्णय लिया है। 

इस कार्य का संचालन पंचायती राज विभाग के नियमानुसार किया जाएगा। सरपंच से मिली रिपोर्ट के अनुसार गांव में 264 परिवार हैं और 1,271 की आबादी है। 750 पशुधन है। गांव में गैस के लिए 10,750 किलो गोबर भी मिल पाएगा। प्रोजैक्ट स्थापित करने से पहले डी.सी. ने कहा कि इस प्रकार के प्रोजैक्ट का अवलोकन किया जाए। इसके लिए अधिकारियों का शिष्टïमंडल करनाल में बनाए प्लांट का निरीक्षण करेंगे और फीडबैक रिपोर्ट के बाद खिजरपुरा का प्रोजैक्ट शुरू किया जाएगा। इस मौके पर ए.डी.सी. पार्थ गुप्ता, डिप्टी सी.एम.ओ. डा. एन.पी. सिंह, ए.पी.ओ. नीरज शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Isha