हिमाचल की युवती का किडनैपर गिरफ्तार, 2 महीने बाद GRP को मिली कामयाबी

10/30/2019 12:34:55 PM

अम्बाला छावनी (हरिंद्र): हिमाचल के मंडी निवासी युवती का अपहरण करने वाले आरोपी को जी.आर.पी. ने पकड़ लिया। 2 महीने तक लगातार छापामारी करते हुए आरोपी को जंडली कौलां स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मनोज कुमार के तौर पर हुई। आरोपी का मैडीकल करवाने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जी.आर.पी. थाने में सितंबर माह में एक किडनैपिंग का मुकद्दमा दर्ज किया गया था। मामले को सुलझाने व आरोपी की धरपकड़ के लिए स्पैशल टीम का गठन किया गया।

टीम में एस.आई. राजकुमार, सतबीर और प्रीतपाल शामिल थे। युवती द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी को पकडऩे में जी.आर.पी ने सफलता हासिल की।  जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि पिछले लगभग 2 महीने से आरोपी के ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इस दौरान उसके घर पर भी नजर रखी जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी दीवाली के मौके पर घर आ सकता है। सूचना के बाद घर के आस-पास निगरानी बढ़ाई गई। आरोपी जैसे ही घर पहुंचा तो जी.आर.पी. टीम ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।   

लगैज पोर्टर के तौर पर करता था काम
जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी मनोज कुमार रेलवे स्टेशन पर ही 10 साल तक लगैज पोर्टर के तौर पर कार्य करता रहा। वह स्टेशन के प्रत्येक आवागमन द्वार से अच्छी तरह से वाकिफ था। उसके परिचितों ने पूछताछ के दौरान बताया कि काम छोडऩे के बाद भी वह अक्सर स्टेशन के ईद-गिर्द घूमता रहता था। उसकी संदिग्ध गतिविधियों के कारण ही उसे काम से निकाला गया था। इसके बाद आरोपी ने राज-मिस्त्री का काम शुरू कर दिया था।

यह था मामला
हिमाचल की युवती ने जी.आर.पी. महिला एस.आई. मनीषा को बयान दर्ज कराए थे कि वह 2/3 सितंबर की मध्यरात्रि अपने एक दोस्त के साथ स्टेशन पर आई थी। विश्रामालय में जब वह बैठे थे तो 2 व्यक्ति उसके पास आए और उन्होंने अपने आप को सुरक्षा कर्मी बताया। इसके बाद एक ने दोनों को अपने साथ चलने के लिए कहा। कुछ दूरी पर युवती के दोस्त को बाइक से उतार दिया और युवती को आरोपी अपने साथ ले गया। लेकिन बीच रास्ते ही आरोपी की हरकतें देखकर युवती ने बाइक से छलांग लगा दी। इसके बाद युवती को मौके पर मौजूद कुछ सेना कर्मचारियों की मदद से छावनी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जी.आर.पी. थाने में आरोपी के खिलाफ 3 सितम्बर को मुकद्दमा नंबर 251 दर्ज किया गया था। 

Isha